जरूरत पड़ी तो बकायेदार मिलों को नीलाम कर गन्ना किसानों को किया जायेगा भुगतान

195
Share

एजेंसीं न्यूज
लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान भाइयों के शोषण करने की छूट हम किसी को नहीं देने वाले हैं। अगर किसी ने गलतफहमी पाली होगी कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान रोक करके स्वयं कमाई कर लेगा, तो ऐसा नहीं होगा। गन्ना किसान बेफिक्र रहें। उनके गन्ना बकाया का पाई-पाई सरकार भुगतान करेगी। जरूरत पड़ी तो बकायेदार मिलों को नीलाम तक कर देंगे। महाराजगंज में ऐसी ही एक मिल को नीलाम करके हमने गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान कराया है।
योगी ने गुरुवार को लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ इलाके में जमुनाबाद फार्म स्थित कृषि महाविद्यालय के सम्पूर्ण कैंपस भवन का लोकार्पण एवं प्रशासनिक भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों का भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ जल्द ही हम सख्त कार्रवाई करने वाले हैं। आपके जिले में 9 चीनी मिले हैं। जिसमें से 6 ने गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। बाकी बची जिन तीन चीनों मिलों ने भुगतान नहीं किया है, उन पर हम बहुत जल्द लगाम कसने वाले हैं।
योगी ने कहा कि 15 वर्षों में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने जो जड़ता पैदा कर रखी थी, उसे दूर करने में अथक परिश्रम करना पड़ रहा है। उस परिश्रम का परिणाम किसानों और नौजवानों के हित में देखने को मिल रहा है। आज उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों की भर्तियों में पारदर्शिता आई है। हम किसी जाति, क्षेत्र या जनपद विशेष के लिए नौकरियों को कैद करके नहीं रखते हैं। इस पर प्रदेश के प्रत्येक नौजवान का हक है। उत्तर प्रदेश के नौजवानों की नौकरी पर डकैती डालने वालों को जेल होगी।
योगी ने कहा कि कृषि और कृषि शिक्षा को अत्याधुनिक वैज्ञानिक और तकनीक के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है। आज यहां हम आपको कृषि महाविद्यालय दे रहे हैं आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज भी देंगे। यहां पर तीन वनटांगियां गांव हैं, जिन्हें आजादी के बाद कोई भी बुनियादी सुविधा नहीं मिली है। इन गांवों में रहने वाले लोग भी भारत के नागरिक हैं। शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें भी मिलना चाहिए। जिला प्रशासन से मैं कहना चाहूंगा कि इन गांवों का राजस्व ग्राम का प्रस्ताव बनाकर अविलंब भेजें। राजस्व गांव बनने के बाद ये गांव एक साल में सर्वसुविधायुक्त हो जाएंगे।

LEAVE A REPLY