लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना के लिए लेखा के विशेषज्ञों को जिला प्रशासन द्वारा मतगणना कार्य दायित्व

2554
Share
हल्द्वानी(सूचना)- 23 मई को सम्पन्न होने जा रही लोकसभा सामान्य निर्वाचन की मतगणना के लिए लेखा के विशेषज्ञों को जिला प्रशासन द्वारा मतगणना कार्य दायित्व सौंपा गया है। त्रुटिहीन एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए लगाए गए मतगणना पर्यवेक्षकों व अन्य कर्मियों का द्वितीय प्रशिक्षण सत्र शुक्रवार को बागजाला में सम्पन्न हुआ। जिसमें 274 मतगणना कार्मिको ने प्रशिक्षण लिया। शेष कर्मियों का प्रशिक्षण शनिवार को सम्पन्न होगा।
मतगणना कर्मियों को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनोद कुमार सुमन कहा कि मतगणना का कार्य 23 मई को सुबह 8ः00 बजे से शुरू किया जाएगा। श्री सुमन ने बताया कि 23 मई की प्रातः 5 बजे सामान्य पर्यवेक्षक तथा जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में आयोग द्वारा निर्धारित साॅफ्टवेयर पर रेण्डामाईजेशन के माध्यम से कार्मिकों को विधानसभावार मतगणना टेबलों का आवंटन किया जाएगा तथा सभी कार्मिकों को टेबल आवंटन की सूचना सम्बन्धित एआरओ द्वारा प्रातः 7 बजे दी जाएगी। आयोग के निर्देश पर इस बार प्रत्येक विधानसभा की पांच मतदेय स्थलों की वीवीपैट की मतदाता पर्चियों एवं कन्ट्रोल यूनिट में पड़ी वोट का मिलान भी किया जाएगा।
जिले में छः विधानसभा की मतगणना के लिए कुल 72 टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए 12 टेबल लगाई जायेंगी। एक मतगणना टेबल पर एक मत गणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा माइक्रो आब्जर्बर के रूप में तीन कार्मिकों की तैनाती रहेगी। श्री सुमन ने निर्देशित करते हुए कहा कि मतगणना के समय मोबाइल तथा धूम्रपान पूर्णतः वर्जित रहेगा। उन्होंने सभी कार्मिकों को अनुशासित रहते हुए मतगणना कार्य को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता, शुद्धता एवं मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया दिखाते हुए पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन का महत्वपूर्ण चरण है, इसमें छोटी सी भी गलती होने पर पूरा परिणाम व निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है। इसलिए विशेष सावधानी के साथ मतगणना कार्यों को पूरी तत्परता, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता के साथ सम्पन्न किया जाए।
श्री सुमन ने मतगणना कार्मिकों के साथ ही डाटा फीडिंग करने वाले, सुविधा एप पर  डाटा अपलोड करने वाले कार्मिकों के साथ ही हस्तलिखित डाटा तैयार करने वाले कार्मिकों को भी पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया तथा महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिए ताकि मतगणना दिवस पर किसी भी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो सके।
 उप जिला निर्वाचन अधिकारी केएस टोलिया ने कहा कि मतगणना के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों का भी पूरी तरह से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को जो भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसे भलीभांति समझ लें और मतगणना के दौरान निष्पक्ष रहकर कार्य करें। श्री टोलिया ने कहा कि मतगणना स्थल पर बिना अनुमति पत्र के किसी को भी प्रवेश नही दिया जायेगा। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके द्वारा नियुक्त एजेन्टों को मतगणना में शामिल होने के लिए एआरओ के माध्यम से जारी किये गये परिचय पत्र पर ही प्रवेश दिया जाऐगा।
नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डाॅ.महेश कुमार तथा प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण अखिलेश शुक्ला ने मतगणना कार्मिकों को मतगणना के प्रत्येक बिंदु एवं पहलू पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया गया कि सर्वप्रथम ईवीएम कंट्रोल यूनिट द्वारा मतगणना सील का मिलान 17 सी फॉर्म से किया जाए। इसके बाद टोटल बटन दबाकर कुल मतदाता संख्या का मिलान 17सी फॉर्म से किया जाएगा। रिजल्ट सेक्शन का बटन दबाकर प्रत्याशीवार मतगणना की जाएगी। हर राउंड की प्रक्रिया इसी तरह होगी। मतगणना कार्मिकों को कन्ट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट पर्चियों की गणना का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्मिकों को पहली बार जनपद में होने वाली वीवीपैट पर्चियों की काउंटिंग के बारे में भी सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में सभी मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान मतगणना के लिए की जाने वाली तैयारियों, कानूनी प्रावधान, मतगणना एवं मतगणना के बाद के प्रावधानों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गयी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी कार्मिक केके गुप्ता, एआरओ प्रत्यूष सिंह, अनिल चन्याल, विजयनाथ शुक्ल, विनोद कुमार, हरगिरि, प्रभारी अधिकारी खान-पान व्यवस्था तेजबल सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र त्रिपाठी, के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY