Share
देहरादून-लोकसभा सामान्य निर्वाचन को शांतिपूर्वक, निष्पक्ष एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिए जनपद  देहरादून के 1797 मतदान केन्द्रों के लिए सभी पोलिंग पार्टियां गत दिवस 59 एवं आज 1738 मतदान पार्टियां महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज से अपने-अपने गंतव्य स्थल को प्रस्थान कर गई। पोलिंग पार्टियों के साथ ही सुरक्षाबल भी रवाना हो गये है।
रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्टस कालेज में आज 1738 पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी षणमुगम, सामान्य प्रेक्षक राजीव रंजन, व्यय प्रेक्षक महेश भारद्वाज, रिटर्निंग अधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून एस.ए मुरूगेशन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी कार्मिक जी.एस रावत, संयुक्त निर्वाचन अधिकारी प्रतापशाह, अपर जिलाधिकारी (वि/रा)/नोडल अधिकारी प्रशिक्षण बीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी प्र0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामजी शरण शर्मा उपस्थित रहे। निर्वाचन सम्बन्धी गतिविधियों के लिए बनाये गये स्टालों एवं स्ट्रांगरूम का स्थलीय निरीक्षण भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण प्रदेश में व्यापक रूप से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया है ताकि मतदान का प्रतिशत् बढाया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य की 05 संसदीय क्षेत्रों के लिए 11,299 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं जहां पर 11 अपै्रल को 07 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान सम्पन्न कराया जाना है। उन्होंने बताया कि राज्य के 77 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र में 18 लाख से अधिक और अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र में 13 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगे। उन्होंने मतदान में भाग ले रहे मतदान कार्मिकों को हिदायत दी कि वे किसी का आतिथ्य कतईं स्वीकार न करें।
01 टिहरी गढवाल संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एस.ए मुरूगेशन ने जानकारी देते हुए बताया कि आज सायं तक सभी मतदान पार्टियां अपने गंतव्य स्थल को रवाना हो जायेंगी। जनपद में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 1-1 पिंक/सखी मतदान केन्द्र बनाया गया है जिन पर महिला कार्मिकों द्वारा मतदान कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त 185 मतदान केन्द्रों में वेबकास्टिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका अनुश्रवण कन्ट्रोलरूम  एवं एनआईसी में किया जायेगा। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्भिक होकर मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिये साथ ही कार्मिकों की शंकाओं का निराकरण भी किया। निर्वाचन सामग्रियों की आवश्यक देखरेख करने के निर्देश भी दिये। इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने सुरक्षा कर्मियों को चुनाव सम्पन्न कराने में मतदान कार्मिकों को आवश्यक सुरक्षा दिये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि क्रिटिकल एवं वरनेबल मतदान स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षाबल  व्यवस्था कराई जा रही है, जिसके लिए पुलिस के साथ ही पंजाब एवं राजस्थान के होमगार्ड, पीआरडी तथा वन विभाग के वन दरोगाओं, आरक्षियों को भी लगाया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *