Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। गत 27 दिसम्बर की सुबह को पाकबड़ा थाना क्षेत्र से मुरादाबाद के लिए निकले आरटीआई कार्यकर्ता के देर रात भी घर वापस न लौटने पर तब से अब तक परिजन उसे तलाश कर रहे थे। पुलिस की लापरवाही से नाराज परिजनों ने आरटीआई कार्यकर्ता की बरामदगी को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन भी किया था तब जाकर पुलिस हरकत में आई थी। गुरूवार को गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शामली जनपद से कासिम का शव बरामद कर लिया। आरटीआई कार्यकर्ता की मौत की खबर पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के जुमेरात बाजार निवासी कासिम सैफी 27 दिसम्बर की सुबह आॅटो द्वारा मुरादाबाद के लिए घर से निकले थे परन्तु उस दिन देर रात भी घर नहीं लौटे तो परिजनो को चिंता हुई और उन्होनें पुलिस के पास पहुंचकर इस बाबत जानकारी दी। 24 घंटे बाद भी जब कासिम सैफी घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस को लिखित सूचना दी। उसके बाद पुलिस पर आरोप लगाया कि वह आरटीआई कार्यकर्ता को तलाश करने में लापरवाही दिखा रही है साथ ही संदिग्ध आरोपियों को बचा रही है। इस बाबत कासिम के परिजनों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर एसएसपी को ज्ञापन सौंपा था और पुलिस की कार्य प्रणाली पर उंगली उठाई थी। गुरूवार को पाकबड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किये गये आरोपियो की निशानदेही पर जनपद शामली के किठ्ठर थाना क्षेत्र के जंगल से कासिम सैफी का शव बरामद कर लिया। इसकी सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। मृतक के 6 वर्ष का बेटा, पत्नी व दादी का रो रोकर बुरा हाल हो गया। कासिम की हत्या क्यों की गई। पुलिस अभी इस बारे में आरोपियो से पूछताछ कर रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *