एजेंसी न्यूज
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी महिला का आरोप है कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। गत 15 दिसंबर को कालिया गढ़ी निवासी तीन आरोपित उसे खेत दिखाने के बहाने भावनपुर थाना क्षेत्र के जंगल में ले गए और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद एक आरोपित के परिजनों ने महिला की कुछ ऑडियो क्लिप एसएसपी को सौंपी थी। इसमें महिला आरोपितों को खुद अपने पास बुला रही थी और मुकदमा दर्ज होने के बाद ब्लैकमेल कर रही थी। महिला ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए 23 दिसंबर को एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह की कोशिश की थी।
सोमवार को पीड़ित महिला महिला थाने में पहुंची। वहां उसने हाथ की नस काट कर जान देने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाया कि एसपी देहात, सीओ सदर देहात और इंस्पेक्टर भावनपुर ने आरोपितों से सांठगांठ कर ली है। उसके मुकदमे में कार्रवाई करने और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे को खत्म करने की एवज में पांच लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। एसएसपी अखिलेश कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी।











