Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद। शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने में नगर निगम पूरी तरह फिसड्डी साबित हो रहा है। जहां कहीं से भी नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाती है एक-दो सप्ताह बाद वहां फिर अतिक्रमण हो जाता है। नगर निगम के अधिकारियो के वाहन अतिक्रमण वाले क्षेत्रों से रोज गुजरते हैं मगर उन्हे कोई सुध नहीं। शहर में हर तरफ अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम है क्या ऐसे शहर स्मार्ट सिटी बन पायेगा? पैदल चलने की जगह भी कुछ इलाकों में सड़कों पर नहीं बची है।
सिविल लाइंस में जैन मंदिर के पास फलों के ठेले व पंजाब नैशनल बैंक के बाहर वाहनो की पार्किंग जबरदस्त अतिक्रमण किये हुए है। पिछले दिनों नगर निगम की टीम ने फल वालो के ठेले हटवा दिये थे और यहां नो वेन्डिंग जोन का बोर्ड लगवाया था मगर रात ही रात में फल वालों ने नो वेन्डिंग जोन का बोर्ड उखाड़ फेंका और अब फिर यहां ठेले सजने शुरू हो गये है। आधी सड़क ठेलों व इन पर खरीदारी करने वालेे ग्राहको से घिर जाती है। अक्सर डीएम, एसएसपी व नगर निगम के अधिकारियो के वाहन यहां से गुजरते हैं मगर किसी को यह अव्यवस्था नजर नहीं आती।
करूला क्षेत्र में आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। सम्भल रोड पुल पर रोजाना जाम लगता है। सम्भल चैराहा पर भी जबरदस्त अतिक्रमण की भरमार है। इसके अलावा टाउनहाल क्षेत्र में खुद नगर निगम के कार्यालय के चारों ओर अवैध फड़ बाजार लगे हैं जहां से पैदल निकलना भी मुश्किल है। आज तक नगर निगम खुद अपने कार्यालय के आसपास की जगह को फड़ बाजार वालो से मुक्त नहीं करा पाया तो बाकी शहर कैसे अतिक्रमण मुक्त होगा? क्या यही स्मार्ट सिटी की पहचान होगी। सड़कों पर अतिक्रमण और जगह जगह ट्रैफिक जाम।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *