Share

एजेंसी न्यूज
बांदा। उत्तर प्रदेश पुलिस में तीन वर्ष में बंपर भर्ती अभियान चलाया जाएगा। डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि अगले तीन सालों में पुलिस विभाग में एक लाख 72 हजार रिक्त पदों को भरा जायेगा। बांदा में आज सर्किट हाउस में डीजीपी सुलखान सिंह ने बताया कि इस व्यापक भर्ती अभियान में दारोगा (सब इंस्पेक्टर) की सभी भर्तियां ऑनलाइन होंगी। इसके विपरीत सिपाही (कांस्टेबल) की भर्तियां लिखित परीक्षा से होगी। जिसमें ओएमआर शीट्स का प्रयोग होगा।
डीजीपी ने सर्किट हॉउस में पत्रकारों से पुलिस पिटाई के मामलों पर कहा कि लोगों में उद्दंडता बढ़ी है। इसके लिए पुलिस को कानून के माध्यम से कार्रवाई के लिए निर्देश भी दिए गए हैं। प्रजातंत्र में कानून के माध्यम से कार्रवाई हो। पुलिस की कार्रवाई सेवा होनी चाहिए। पुलिस सेवा लगे न कि पुलिस फोर्स। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए 1090 की व्यवस्था इसी कड़ी का एक अंग है, जो विश्व में अपने आप में अनोखी है।
डीजीपी सुलखान सिंह बांदा के सेंटमेरी सेकेंड्री स्कूल में आयोजित नारी सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में कहा कि पुलिस को लोगों को इज्जत देनी चाहिए। यदि इज्जत नहीं देगी पुलिस तो लोगों को आजादी का एहसास नहीं होगा। पुलिस को यह अधिकार नहीं कि वह अपनी मर्जी से काम करे। कार्यकाल बढने के समय विशेष उपलब्धि की बात पर कहा कि पुलिस को सही काम सिखाना ही बड़ा काम है। उन्होंने कहा कि मैं पुलिस की बरती जाने वाली सख्ती को गैर कानूनी मानता हूं। उससे पुलिस की छवि खराब होती है। इससे कुछ हासिल नहीं होता। जैसे लोग चाहते हैं वैसे ही पुलिस को काम करना चाहिए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *