Share

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा नेता अखिलेश यादव से सीधा सवाल किया है कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान?सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसा है। ओपी राजभर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके अखिलेश पर निशाना साधा है। ओपी राजभर ने कहा, “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे राधे, महाराज, सुना है आपको रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है। उसी अंदाज़ में बता दीजिए कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? आप अपने एसी-पीसी और ट्विटर में तो अक्सर संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी बड़ी डींग हांकते हैं मगर प्रेम छलकता है कुरान के लिए। सच सच बताइएगा, कभी बाबा साहेब का पूरा संविधान पढ़े भी हैं?”ओपी राजभर ने कहा, “अपने कारनामों की शेखी बघारने से फुरसत मिले तब तो पढ़ाई-लिखाई में मन लगेगा! अगर सच में संविधान पढ़े होते तो आपको पता होता कि धर्म के आधार पर आप क्या आपकी दस पुश्तें भी चाह ले तो आरक्षण नहीं दे सकतीं। ये मैं नहीं कह रहा, बाबा साहब का संविधान कह रहा है। किसको मूर्ख बनाने चले हैं आप? वोट बटोरने के खातिर मुसलमानों को आरक्षण का लॉलीपॉप देने का घोषणा कर दिये। अरे मित्र, अब तो आपका ‘पीट देगा अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है।”ओपी राजभर ने कहा, “सुनिए श्रीमान जी, हम गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सबसे बड़ा है और माननीय सुप्रीम कोर्ट भी बार-बार कह चुका है कि इस देश में आरक्षण ‘धर्म के आधार पर नहीं दिया जा सकता’। अरे अखिलेश जी, आप और आपके दिल्ली वाले फॉरेनर भइया दोनों लोग बिलायती पढ़ाई करके आए हैं। शायद इसीलिए श्रद्धेय बाबा साहेब के संविधान को समझ नहीं पा रहे आप लोग। समझेंगे कैसे? जब आप लोग कभी श्रद्धेय बाबा साहेब को ही नहीं समझ सके तो उनके बनाए संविधान को क्या खाक समझेंगे। अब तो ये शक भी पक्का होने लगा है कि सत्ता मिलने पर आप और आपके फॅारेन वाले बड़के भइया मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान को ही बदल देंगे?”अरे महाराज, इंदिरा साहनी केस पढ़ लीजिए: ओपी राजभर ओपी राजभर ने कहा, “अरे महाराज, इंदिरा साहनी केस पढ़ लीजिए या फिर 2024 के पश्चिम बंगाल ओबीसी मामले में कोर्ट का आदेश पढ़ लीजिए, या आंध्र प्रदेश का मामला ही पढ़ लीजिए। माननीय कोर्ट ने हर बार साफ-साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा है कि ”धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता”।
ओपी राजभर ने कहा, “आंध्र प्रदेश में तो मुस्लिमों को अलग से आरक्षण देने की कोशिश को वहां की हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट दोनों ने रद्द कर दिया। अब लग रहा है कि अपनी मंशा पूरी करने के लिए आप दोनों लोग सीधे संविधान ही बदल देने की फिराक में हैं! पूरा देश जानता है कि लूट-खसोट और भ्रष्टाचार के लिए आप और आपके इंडी गठबंधन को कैसे भी सत्ता चाहिए। वैसे भी सैकड़ों बार आप लोगों ने श्रद्धेय बाबा साहेब के संविधान को पैरों तले रौंदा है। बहुत बड़े फरेबी हैं आप लोग और ये बात गैर यादव पिछड़ा और बहुजन समाज काफी अच्छे से समझ चुका है। ‘संविधान बचाओ-संविधान बचाओ’ चिल्ला करके आप दोनों ‘बड़के-छोटके भैया’ धीरे से खुद ही संविधान बदलने की कोशिश कर रहे हैं। कान खोलकर सुन लीजिए…आरक्षण में सेंध लगाना किसी के बाप की बपौती नहीं है। ये पूज्य बाबा साहेब का संविधान है। समानता और धर्मनिरपेक्षता संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा हैं।”ओपी राजभर ने कहा, “संविधान बदल भी दिया तो सुप्रीम कोर्ट ऐसे किसी संशोधन को टिकने ही नहीं देगी। और सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर आप मुस्लिमों को अलग कोटा देंगे तो एससी, एसटी और ओबीसी का हिस्सा कहां से काटेंगे? मौजूदा 50 प्रतिशत की सीमा के अंदर नया कोटा बनाने का मतलब है गैर-मुस्लिम ओबीसी और दलितों का हिस्सा घटाना। अगर 50 प्रतिशत से ऊपर जाएंगे तो कोर्ट में खारिज हो जाएगा। संविधान के हिमायती बनने का ढोंग करते हैं न तो बस इतना बोल दीजिए कि आपके लिए ‘संविधान बड़ा है, कुरान छोटा”। है हिम्मत ?”ओपी राजभर ने कहा, “सुनिए… आपकी गंदी राजनीति को अब प्रदेश का मुस्लिम भी समझने लगा है और गैर यादव पिछड़ा के साथ बहुजन समाज भी। सत्ताइस नहीं, आपकी अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी सपा की सरकार। समझ लीजिए। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव”इससे पहले अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा था कि मथुरा और काशी कब जाएंगे सपा प्रमुख। गौरतलब है कि ओपी राजभर, अखिलेश के खिलाफ हमलावर रवैया अपना रहे हैं और लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।

By Admin