भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन यानी कि SCO के सभ्यतागत संवाद मंच के दौरान पाकिस्तान के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत में सीमा पार आतंकवाद के सवाल पर सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। उनसे जब आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस मंच पर द्विपक्षीय नहीं, बल्कि बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर बात होगी, लेकिन फिलहाल SCO के मंच पर बहुपक्षीय मामलों पर चर्चा की जानी चाहिए।’हम इस बारे में बात करेंगे। अभी सबसे पहली बात यह है कि यह मंच खुद बहुपक्षीय है। इसलिए आपको बहुपक्षीय मामलों पर बात करनी चाहिए। आज आपने जो कहा, उसमें भी आपने किसी द्विपक्षीय मुद्दे का जिक्र नहीं किया। यहां होने वाली सभी चर्चाएं बहुपक्षीय हैं और हम भी यहां बहुपक्षीय बातचीत करने आए हैं। इसलिए आपको भी हमसे बहुपक्षीय मुद्दों पर बात करनी चाहिए। कल या परसों, जब हम बातचीत करेंगे।’पाकिस्तानी मंत्री ने SCO सभ्यतागत संवाद मंच का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का मौका देता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद होना अच्छी बात है और ऐसे आयोजनों की संख्या बढ़नी चाहिए। मलिक के मुताबिक, पूरा क्षेत्र बदलाव के दौर से गुजर रहा है और भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे समय में उन मुद्दों पर बातचीत जरूरी है, जिनका असर सभी देशों पर पड़ता है। उन्होंने अलग-अलग संस्कृतियों और सभ्यताओं के प्रभावों पर चर्चा को अहम बताते हुए इस पहल का स्वागत किया और SCO का आभार जताया।
मुसादिक मसूद मलिक ने भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के ऐतिहासिक संबंधों की बात भी की। उन्होंने कहा कि इन सभ्यताओं के बीच पुराने समय से जुड़ाव रहा है। पुरातात्विक खुदाई से मिले प्रमाण भी इनके बीच संवाद और संपर्क की कहानी बताते हैं। उनके अनुसार, ऐसे मंच देशों को एक साथ आने और एक-दूसरे की सीमाओं से आगे जाकर विचार साझा करने का अवसर देते हैं।मुसादिक मसूद मलिक की यह यात्रा 2023 में गोवा में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है। उस बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो शामिल हुए थे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को बताया था कि सरकार ने नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है।पहला एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इसका उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच संबंध मजबूत करना और अलग-अलग संस्कृतियों के बीच संवाद व सहयोग को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम इस पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया। इसमें एससीओ के सभी सदस्य देशों, संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक देश को आमंत्रित किया गया है।
