Share

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। अपनी इस विदेश यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर हमला करते नजर आए। हालांकि, राहुल गांधी इस दौरान विदेश नीति के मामले में सरकार के साथ दिखे। राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में संबोधन के दौरान भारत और इजरायल के रिश्तों का समर्थन किया है।
शिकागो यूनिवर्सिटी में दिए अपने ताजा बयान में राहुल गांधी ने इजरायल के साथ भारत के रिश्तों का खुलकर समर्थन किया है। शिकागो के मंच से राहुल गांधी ने स्वीकार किया कि भारत के इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं और उससे हथियार खरीदना भारत के हित में है। राहुल गांधी ने इस दौरान 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए आतंकी हमले को बेहद भयावह बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। इसके साथ ही उन्होंने गाजा में जारी इजरायली सैन्य कार्रवाई और मानवीय संकट की भी खुलकर आलोचना की।राहुल गांधी ने कहा- “हमारे इजरायल से संबध हैं। इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं। हम इजरायल से हथियार खरीदते हैं और यह अच्छी बात है। लेकिन पूरे सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि हम 150 करोड़ लोगों का देश हैं। हमारी विदेश नीति अपने देश के लिए होनी चाहिए ना कि किसी और के फायदे के लिए। मैं अक्टूबर में जो हुआ उसकी निंदा करता हूं। जो हुआ वो भयावह था, ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था। लेकिन गाजा में जो हो रहा है, मैं उसकी भी निंदा करता हूं।”अमेरिका में दिया गया राहुल गांधी का ये बयान बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि घरेलू राजनीति में जहां कांग्रेस गाजा के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरती है। वहीं, विदेशी मंच पर राहुल इजरायल के साथ भारत के रक्षा सौदों को सही ठहरा रहे हैं। आमतौर पर कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दल मोदी सरकार की इजरायल नीति की आलोचना करते रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी के ये बयान चर्चा का विषय बन गया है।

By Admin