Share

उत्तर प्रदेश में चुनाव पास हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य के गोरखपुर में बुधवार को रोड शो किया। अखिलेश ने इस रोड शो को PDA यात्रा नाम दिया। हालांकि, इस रोड शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अखिलेश के रोड शो में शामिल जेसीबी से टकरा कर एक 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक स्थानीय बीजेपी नेता का बेटा बताया गया है। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और अखिलेश यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। अब इस घटना को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
सीएम योगी ने गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा- “बहनों और भाइयों, प्रकृति की चिंता वही करेगा जिसके मन में संवेदना हो। जिसके मन में अपने देवी-देवताओं के प्रति आस्था का भाव हो। जिसके मन में अन्नदाता किसान के प्रति संवेदना का भाव हो और जिसके मन में नौजवान की रोजगार की चिंता हो। वही कर सकता है। क्या ये 2017 के पहले संभव था? तब वन माफिया थे, तब खनन माफिया थे, तब कैटल माफिया थे और माफिया का ये स्वरूप देखना हो, आपने देखा होगा। लोकप्रिय सांसद रवि किशन शुक्ला कह रहे थे ये भी। कल समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था। नाबालिग लड़के को उन्होंने अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा, ये गुंडागर्दी की पर्याय है। समाजवादी पार्टी, ये अराजकता की पर्याय है, दंगों की पर्याय है, कर्फ्यू की पर्याय है, गुंडागर्दी की पर्याय है। हर माफिया इनका सगा है और जनता को तो इन्होंने हमेशा दगा दिया है। इन्होंने हमेशा जनता के साथ धोखा किया है। उनका शोषण किया है।”
सीएम योगी ने कहा- “आखिर उस मासूम की गलती क्या थी? उसकी गलती क्या थी? लेकिन बहनों और भाइयों, जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, ये गुंडे और माफिया सीधे नहीं हो सकते जब तक कि इन को डंडे के बल पर सीधा नहीं किया गया और वही तो हमारी सरकार कर रही है। हमने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है और उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर से उन पर लगाम कसने की तैयारी हम लोग कर रहे हैं। कल की अराजकता, वह मासूम नौजवान जो यहां पर एक प्रतिष्ठित विद्यालय में अध्ययन करने के लिए आया था, अपने पिता के साथ परिवार के साथ रहता था। उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। और बेशर्मी की हद देखिए। ये माफिया पोषक, गुंडागर्दी और अराजकता के पोषक तत्व मौन रहे। संवेदना के एक भी शब्द इनके पास नहीं थे। एक भी शब्द नहीं थे। नौजवान के दिवंगत होने पर उनकी मृत्यु पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। आज मैं सायंकाल उस परिवार से मिलने भी जा रहा हूं। अपनी संवेदना भी व्यक्त करूंगा। उन गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हमने प्रशासन से कहा है। जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई है। उन गुंडों को ढूंढ निकालो। उनको वह सजा मिलनी चाहिए ताकि कई पीढ़ियां याद कर सकें।”यूपी की सड़कें अराजकता के लिए नहीं- सीएम मोदी
सीएम योगी ने कहा- “बहनों और भाइयों, हमने उत्तर प्रदेश की सड़कों को अराजकता पैदा करने के लिए नहीं, उत्तर प्रदेश की सड़कें आम जन के लिए निर्बाध आवागमन का माध्यम बनें, उनके आने-जाने में कोई दिक्कत ना हो, इसके लिए अच्छी सड़कें बनाई गई हैं। अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गई हैं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आकर के अराजकता पैदा करें। और अगर किसी ने माफियागीरी दिखाने का प्रयास फिर से किया, तो उस माफिया को मिट्टी में मिलाने में भी देर नहीं होगी।”

By Admin