Share

दिल्ली. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहे आंदोलनकारी आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर जमा होने की योजना बना रहे हैं। इसी बीच अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दिल्ली में सीजेपी के आंदोलन और राज्यों में इससे जुड़े अपडेट्स अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें…
आकाशवाणी भवन के पास पुलिसकर्मियों पर पथराव की घटना सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
सांसद सुप्रिया सुले ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने सरकार के इस कदम को कायरतापूर्ण बताते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक चुनावी सुधारों की मांग की।
एक निजी कार्यक्रम में सुले ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पाबंदियां लगाने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा ‘मैं इस कार्रवाई की निंदा करती हूं, क्योंकि यह एक बहुत ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन था। ये लोग दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि यह एक कड़ा शब्द है, लेकिन किसी भी सरकार के लिए ऐसा करना कायरतापूर्ण है।”
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके का एक पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो सामने आया है। इसमें बताया गया है कि दीपके ने संभावित गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए यह वीडियो शुक्रवार रात ही रिकॉर्ड कर लिया था।
वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, जब तक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में रहेंगे, तब तक पार्टी के संगठन प्रभारी अजींक्य शिंदे दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।

By Admin