Share

देहरादून. मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक की और विभिन्न निर्माण कार्यों समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य जिन्हें एक साथ किया जा सकता है, उन्हें समानांतर रूप से पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर इस्तेमाल हो और मेले से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर तैयार हो सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन से जुड़े कार्यों के कारण कुंभ मेले के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों से कुंभ मेले के लिए जरूरी मानव संसाधन का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में बेहतर साइनेज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने की बात कही गई, ताकि श्रद्धालुओं को संबंधित स्थान की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता समेत जरूरी जानकारी मिल सके। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र की अलग-अलग लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी देने के लिए एक समर्पित ऐप तैयार करने की संभावना पर भी चर्चा की गई।

लगातार स्थलीय निरीक्षण करने को कहा
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले के लिए बनाई जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद संचालन और रखरखाव की योजना भी पहले से तैयार की जाए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी करने और इन्हें नवंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

कुंभ मेला क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े काम तत्काल शुरू करने को कहा गया। साथ ही नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पहले से तैयारी पूरी करने और इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर कुंभ शुरू होने से पहले उन्हें पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को नियमित समीक्षा करने को कहा। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी समय से तैयार करने के निर्देश दिए।

By Admin

You missed