बदरीनाथ: धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूसरे चरण की यात्रा में बढ़ी भीड़, लंबी कतारों से बुजुर्ग परेशान

9
Share

बदरीनाथ. दूसरे चरण की चारधाम यात्रा में बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। मंदिर परिसर में बढ़ती भीड़ के बीच लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे कई बुजुर्ग यात्रियों को बिना दर्शन किए लौटना पड़ रहा है।
बदरीनाथ धाम की दूसरे चरण की तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। एक ओर जहां श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं मंदिर में उमड़ रही भीड़ और लंबी कतारों के कारण कई बुजुर्ग यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेरठ से बदरीनाथ धाम पहुंचीं एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से धाम में रुकी हुई थीं। भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए मंदिर परिसर तक पहुंचीं, लेकिन लंबी कतार होने के कारण दर्शन नहीं हो पाए। आखिरकार उन्हें बिना दर्शन किए ही वापस लौटना पड़ा।
महिला ने कहा कि भगवान के दर्शन का सौभाग्य नहीं मिल पाया, इसका उन्हें मलाल है, लेकिन बदरीनाथ की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का अवसर जरूर मिला। उन्होंने कहा कि बर्फ से ढकी चोटियों और खूबसूरत बुग्यालों का दृश्य मन को सुकून देने वाला है।