नई दिल्ली. दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 864 खराब मौसम और टर्बुलेंस के कारण मुंबई में निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकी। विमान को शाम करीब 5:45 बजे मुंबई पहुंचना था, लेकिन मौसम की स्थिति खराब होने के चलते लैंडिंग में देरी हुई। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को मुंबई आने वाली 11 उड़ानों को खराब मौसम के कारण आस-पास के अलग-अलग हवाई अड्डों पर भेजना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, पायलट ने मुंबई एयरपोर्ट पर विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम और तेज टर्बुलेंस के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद विमान करीब सवा घंटे तक हवा में रहा। स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को मुंबई के बजाय सूरत एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जहां विमान को उतारा गया।
हालांकि, इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट पर पीएनआर चेक करने पर फ्लाइट की स्थिति अलग दिखाई दे रही है। वेबसाइट के मुताबिक, 6E 864 करीब 1 घंटे 16 मिनट की देरी के साथ शाम 7:01 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुकी है। ऐसे में वेबसाइट पर दिखाई जा रही जानकारी और मौके पर मौजूद यात्रियों की स्थिति में अंतर नजर आ रहा है।











