‘जहां हम तेल नहीं बेचेंगे, वहां और कोई नहीं बेचेगा’, ईरान ने अमेरिका को दी बड़ी धमकी

10
Share

तेहरान: ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने मंगलवार को अमेरिका और उसके साथी देशों को ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि जहां ईरान तेल नहीं बेचेगा, वहां कोई और भी नहीं बेच पाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ईरान की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो क्षेत्र में कोई भी बुनियादी ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा। गालिबाफ ने यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन हालिया बयानों के बाद दिया, जिनमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य और वहां से जहाजों के गुजरने की बात की थी।
एक सार्वजनिक वीडियो कॉन्फ्रेंस में गालिबाफ ने ट्रंप के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘अमेरिका और दूसरे देशों को पता होना चाहिए कि जैसा हमने पहले कहा है, जिस इलाके में हम तेल नहीं बेचेंगे, वहां कोई भी तेल नहीं बेचेगा। अगर हमारी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती है, तो कोई भी बुनियादी ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति ने हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य और वहां से जहाजों के गुजरने को लेकर बयान दिए हैं। उन्होंने इनमें सिर्फ पुराने दावे दोहराए हैं और इन बयानों की सच्चाई हर कोई जानता है।’
गालिबाफ ने ईरान की युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए अमेरिका की मौजूदा नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,
‘मैं ईरान की युवा पीढ़ी को याद दिलाना चाहता हूं कि आज अमेरिका की ओर से नौसैनिक नाकाबंदी लगाने, हवाई रास्ते बंद करने और देश के व्यापारिक रास्तों पर अधिकतम दबाव डालने की कोशिशें भी 1980 की तरह गंभीर योजना, आर्थिक प्रबंधन और सैन्य जवाब के जरिए नाकाम होंगी।’
गालिबाफ ने कहा कि जिस तरह ईरान ने पहले मुश्किल हालात का सामना किया था, उसी तरह वह आज भी किसी दबाव का जवाब देने में सक्षम है।
गालिबाफ ने अमेरिका की ओर से कथित धमकियों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लंबे इतिहास और मजबूत जड़ों वाले ईरान को घेराबंदी या धमकियों से डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी नेतृत्व इस बात को नहीं समझता है, तो उसे ईरानी लोगों की ओर से लगातार कड़े जवाब मिलते रहेंगे। गालिबाफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप के बयानों और ईरान को लेकर उनके रुख का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के रुख से लगता है कि उनके व्यवहार में अभी कोई बदलाव नहीं आया है।