एशियाड: नौवें दिन ईशा से गुलवीर तक छाया भारत

9
Share

आइची नागोया. एशियन गेम्स 2026 के नौवें दिन भारत ने शूटिंग, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और कुराश में शानदार प्रदर्शन किया। ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल में रजत पदक जीता, जबकि पुरुषों की भाला फेंक में यशवीर सिंह ने रजत और रोहित यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। गुलवीर सिंह और मुरली श्रीशंकर ने भी एथलेटिक्स में रजत जीते, जबकि बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, प्रिया घंघास और कपिल पोखरिया ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए। भारत के पदकों की कुल संख्या 45 हो गई है, जिसमें 4 स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 के नौवें दिन भारत के खाते में कुल आठ पदक आए। ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल में रजत पदक जीतकर दिन की सबसे रोमांचक कहानी लिखी, जबकि गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में अपना दूसरा रजत पदक हासिल किया। मुरली श्रीशंकर ने लंबी कूद में चांदी दिलाई। पुरुष भाला फेंक में भारत ने रजत और कांस्य दोनों पदक जीते। वहीं, वित्या रामराज, पारुल चौधरी और पिंकी बलहारा ने कांस्य पदक अपने नाम किए। इसके अलावा बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन, प्रिया घंघास और कपिल पोखरिया ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के तीन और पदक पक्के कर दिए।
शूटिंग रेंज पर ईशा सिंह ने दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला खेला। महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के फाइनल में ईशा को पदक के लिए पांच शूट-ऑफ से गुजरना पड़ा। वह एक समय तीसरे स्थान पर खिसक गई थीं, लेकिन दबाव के बीच शानदार वापसी की।
40 शॉट के बाद ईशा और उत्तर कोरिया की किम ह्योन सुक के 34-34 अंक थे। कांस्य और रजत के बीच फैसला करने के लिए शूट-ऑफ हुआ। पहले दो शूट-ऑफ में दोनों निशानेबाजों ने तीन-तीन सटीक निशाने लगाए। तीसरे शूट-ऑफ में ईशा ने तीन सटीक निशाने लगाए, जबकि किम के दो शॉट निशाने पर लगे। इसके साथ ही ईशा ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
इसके बाद स्वर्ण के लिए उनका मुकाबला चीन की जियारुइक्सुआन जियाओ से हुआ। दोनों का स्कोर 38-38 रहा और यहां भी शूट-ऑफ की जरूरत पड़ी। पहले शूट-ऑफ में दोनों ने चार-चार सटीक निशाने लगाए। निर्णायक शूट-ऑफ में जियाओ ने 3-2 से बाजी मार ली और ईशा को रजत से संतोष करना पड़ा।
ईशा का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा क्योंकि इससे पहले टीम स्पर्धा में एक शॉट के शून्य दर्ज होने के कारण भारतीय महिला टीम पदक की दौड़ से बाहर हो गई थी। व्यक्तिगत फाइनल में ईशा ने उस निराशा को पीछे छोड़ते हुए रजत पदक हासिल किया।
भारत के गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में 3:36.72 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ रजत पदक जीता। वह अंतिम लैप तक स्वर्ण की दौड़ में बने हुए थे, लेकिन आखिरी क्षणों में जापान के काजुतो इजावा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। इजावा ने 3:36.35 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण जीता, जबकि गुलवीर 0.37 सेकेंड के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। गुलवीर का इन एशियन गेम्स में यह दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में भी चांदी जीती थी।
मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में 8.07 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। चौथे प्रयास के दौरान चोटिल होने के बाद उन्होंने अपने आखिरी दो प्रयास नहीं किए, लेकिन उनका दूसरा प्रयास ही उन्हें पोडियम पर पहुंचाने के लिए पर्याप्त रहा। चीन के युहाओ शी ने 8.17 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत के डेविड सोलोमन पातुराज 7.70 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ सातवें स्थान पर रहे।