महिला ने अपनी दो बेटियों और एक बेटे को जहर दिया। इसके बाद खुद भी खा लिया

4
Share

महिला ने अपनी दो बेटियों और एक बेटे को जहर दिया। इसके बाद खुद भी खा लिया। दो बच्चों की मौत हो गई। एक बेटी की हालत स्थिर है। वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में इलाज चल रहा है।उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक महिला ने पति के दूसरी शादी के शक में अपने 3 बच्चों को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। पुलिस ने कहा कि इस घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार देर रात मड़िहान थाना क्षेत्र के परसोना गांव में हुई। मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) फहीम ने बताया कि 38 वर्षीय कुसुम धरिकार ने अपनी दो बेटियों मधु (12), राधिका (10) और बेटे सत्य (8) को जहर देने के बाद खुद भी जहर खा लिया। चारों को पहले मड़िहान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुसुम और राधिका की मौत हो गई। मधु और 8 वर्षीय बेटे सत्य को बेहतर इलाज के लिए बाद में वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सत्य की भी मौत हो गई, जबकि मधु का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुसुम को शक था कि दिल्ली में काम कर रहे उसके पति धर्मेंद्र धरिकार ने दूसरी शादी कर ली है। दिल्ली में रहकर उसकी उपेक्षा कर रहा है। पुलिस ने बताया कि 12 जुलाई को संतनगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। इसके तहत धर्मेंद्र को 13 जुलाई को कुसुम को अपने साथ घर ले जाना था। पुलिस ने कहा कि धर्मेंद्र उसे साथ नहीं ले गया। इसके बाद कुसुम परसोना स्थित अपने मायके लौट आई, जहां यह घटना हुई। महिला के परिवार ने उसके पति और देवर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।