इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया

6
Share

इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि पत्नी आशिकी देवी ने अपने प्रेमी शिवम राजपूत के साथ मिलकर पति का गला घोंटकर हत्या की थी।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस पत्नी ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था, उसी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
यह मामला इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तोड़ा का है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भट्ठा व्यवसायी आनंद राजपूत के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि आनंद की 32 साल की पत्नी आशिकी देवी का पड़ोस में रहने वाले 22 साल के शिवम राजपूत के साथ प्रेम संबंध था। दोनों काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। जांच में यह भी पता चला कि आनंद राजपूत को अपनी पत्नी और शिवम के रिश्ते की जानकारी हो गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से आशिकी देवी और उसके प्रेमी ने आनंद को रास्ते से हटाने की साजिश रची।आरोप है कि 13 जुलाई को दोनों ने मिलकर आनंद राजपूत का गला गमछे से घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच और साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना प्रभारी के.के. मिश्रा और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हुआ गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।