चंपावत में एक नई कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।उत्तराखंड के चंपावत से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां नई कार खरीद कर लौटते समय हादसा हो गया। लोहाघाट इलाके में अचानक कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग किसी तरह से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने बताया कि चंपावत के लोहाघाट इलाके में एक नई खरीदी गई कार गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरने के बाद कार में आग लग गई, जिससे दो लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे में 3 अन्य लोग घायल हो गए है। लोहाघाट की सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट नीतू डांगर ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल-वेदर रोड पर बंटोली इलाके में हुआ।पिथौरागढ़ के कनालीछीना के रहने वाले बलदेव कुमार (36) हल्द्वानी से नई कार खरीदकर अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। गाड़ी को डीडीहाट के रहने वाले राजेंद्र कुमार (48) चला रहे थे। सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट नीतू डांगर ने बताया कि बंटोली के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे टकराते ही उसमें आग लग गई। कार की पिछली सीट पर बैठे बलदेव की पत्नी नीतू देवी (35) और उनके दो बेटों, अद्वित (8) और आरव (5), को गाड़ी से बाहर फेंक दिया गया और वे घायल होने के बावजूद बच गए। हालांकि, बलदेव और राजेंद्र जलती हुई गाड़ी के मलबे में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया।घटना के बाद घायल हुए परिवार के तीनों सदस्यों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं इस हादसे को लेकर चंपावत के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।











