राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार मुसलमानों, ईसाइयों और दलितों पर अत्याचार कर रही है।
कांग्रेस पार्टी के 9 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों के साथ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में गुरुवार को मुलाकात की। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, गोवा, मुंबई, दिल्ली और तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं। अगली मुलाकात जुलाई में होगी जिसमें राहुल गांधी 10 राज्यों के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश भी होगा।बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैं जो बोलता हूं आप जानते हो, सच होता है। मैंने कोविड को लेकर जो कहा सच हुआ। आज मैं फिर एक बात कह रहा हूं कि अगले एक साल में पीएम मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। आप लिखकर ले लीजिए। प्रधानमंत्री कम्प्रोमाइज्ड हैं। मैं उनकी असलियत जान गया हूं, इसलिए वो मुझसे नजर नहीं मिला पाते हैं।साथ ही, राहुल गांधी ने कहा कि सरकार मुसलमानों, ईसाइयों और दलितों पर अत्याचार कर रही है। कांग्रेस को इन सबकी लड़ाई लड़नी है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस को मुसलमान की लड़ाई मुसलमान कहकर, सिख की लड़ाई सिख कहकर लड़नी चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जिस दिन हम संविधान की बात नहीं करेंगे कांग्रेसी नहीं रह जाएंगे।इस मीटिंग के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के संगठन को ग्राउंड लेवल पर और मजबूत करने पर भी जोर दिया। राहुल गांधी ने अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने इलाकों में लोगों से लगातार संवाद बनाए रखें। सामाजिक न्याय, समान अवसरों और संविधान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।राहुल गांधी ने आगे कहा कि पार्टी को अल्पसंख्यकों की आवाज को मजबूती देनी है। कांग्रेस को उन वर्गों तक हमें पहुंचना होगा, जो राजनीतिक और सामाजिक तौर पर खुद को उपेक्षित महसूस करते हैं। मीटिंग के दौरान, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्षों ने भी राहुल गांधी के सामने अपने-अपने राज्यों में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से जुड़े मुद्दों, संगठन की हालत और ग्राउंड लेवल पर सामने आ रही चुनौतियों को रखा।











