उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच का तकनीकी तालमेल एक बार फिर किसी के लिए जीवनदान साबित हुआ है। बीते 7 जून 2026 को मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका से ब्रेकअप होने के बाद सदमे में आकर आत्महत्या करने की कोशिश की। सुसाइड करने से पहले युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह एक शीशी से सफेद रंग का संदिग्ध तरल पदार्थ पीता हुआ नजर आ रहा था। युवक ने वीडियो के साथ टेक्स्ट लिखा कि अब तुम खुश रहना अपनी लाइफ में।जैसे ही सुसाइड का ये वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट हुआ, मेटा कंपनी के सिस्टम ने इसे डिटेक्ट कर लिया। कंपनी ने तुरंत इसकी जानकारी ईमेल और फोन के माध्यम से लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक (DGP) हेड क्वार्टर के सोशल मीडिया सेंटर को भेजी। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण के आदेश के बाद सोशल मीडिया टीम ने अलर्ट में मिले मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की सटीक लोकेशन का पता लगाया और मेरठ पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सरधना थाने के उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ मात्र 8 मिनट के अंदर युवक के घर पहुंच गए।जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो युवक की हालत बेहद गंभीर थी और वह उल्टियां करने का प्रयास कर रहा था। उसके पास ही तरल पदार्थ की वह शीशी भी पड़ी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए परिजनों की मदद से युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तुरंत उस युवक इलाज शुरू किया, जिसके बाद युवक की स्थिति सामान्य हो सकी और उसकी जान बच गई। पूछताछ में पता चला कि युवक कक्षा 10वीं पास है और मजदूरी करता है। ब्रेक अप के मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि ठीक होने के बाद युवक को घर भेज दिया गया।जान बचाने के बाद पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का वादा किया। युवक के परिजनों ने भी यूपी पुलिस की इस संवेदनशीलता और तत्परता के लिए शुक्रिया अदा किया। बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच यह जीवनरक्षक पहल साल 2022 से चल रही है। इसके तहत 1 जनवरी 2023 से 31 मई 2026 के बीच पुलिस कुल 3011 लोगों की जान बचा चुकी है। इस बेहतरीन कार्य के लिए यूपी पुलिस को प्रतिष्ठित ‘SKOCH Award-2025’ और ‘The Economic Times GovTech Awards-2026’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।











