श्रमिक दिवस के मौके पर 1 मई को जिले में बड़ा मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा

15
Share

गौतमबुद्ध नगर में 1 मई श्रमिक दिवस पर मेगा हेल्थ कैंप आयोजित होगा। इस मौके पर 134 सरकारी और 67 निजी अस्पतालों सहित 201 स्थानों पर मुफ्त इलाज मिलेगा। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देना है।
श्रमिक दिवस के मौके पर 1 मई को जिले में बड़ा मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर और आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह कैंप सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। शुरुआत में इस अभियान में सभी सरकारी अस्पतालों के साथ 31 निजी अस्पतालों को शामिल करने की योजना थी, लेकिन अब यह पहल और बड़ी हो गई है। निजी अस्पतालों ने खुद आगे आकर इसमें हिस्सा लिया है, जिससे इस अभियान को और मजबूती मिली है।अब यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मैक्स हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, फोर्टिस हॉस्पिटल, फेलिक्स हॉस्पिटल और शारदा हॉस्पिटल समेत कुल 67 निजी अस्पताल इस मेगा हेल्थ कैंप का हिस्सा बन चुके हैं। प्राइवेट अस्पतालों की बढ़ती भागीदारी को उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का अच्छा उदाहरण माना जा रहा है। प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि इससे साफ है कि ये संस्थाएं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आ रही हैं।गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा, ‘श्रमिक दिवस के दिन 1 मई को जिले भर में निशुल्क स्वास्थ्य की सुविधाएं आप सभी के लिए उपलब्ध कराई जा रही हैं। 67 निजी अस्पतालों में निशुल्क आपका इलाज होगा एवं 134 सरकारी अस्पताल एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर में भी फ्री स्वास्थ्य की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मेरा सभी श्रमिक भाइयों और बहनों से अनुरोध है कि कृपया स्वयं भी आइए और परिवारजनों को भी लाइए। कृपया बच्चों को, बुजुर्गों को लाकर इन स्वास्थ्य सुविधाओं का पूर्ण रूप से लाभ लीजिए। ये सारी सुविधाएं आपके लिए निशुल्क रहेंगी। इसके साथ-साथ कई जगह और भी कैंप लग रहे हैं जिसमें शिक्षा और फाइनेंस के बारे में आप सभी को जानकारी दी जाएगी।’
इस मेगा हेल्थ कैंप के तहत जिले में 134 सरकारी अस्पतालों और हेल्थ वेलनेस सेंटर के साथ-साथ 67 निजी अस्पतालों को मिलाकर कुल 201 स्थानों पर श्रमिकों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस पहल का लाभ मिल सकेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मौके का फायदा उठाएं और अपने नजदीकी कैंप में जाकर स्वास्थ्य जांच और इलाज कराएं।