कार की छत पर बैठ फिल्मी स्टाइल में आए दबंग,

10
Share

कार की छत पर बैठ फिल्मी स्टाइल में आए दबंग, युवक को घेरकर कर दी लात-घूंसों की बरसात
जानकारी के अनुसार, लहचौड़ा गांव के रहने वाले कार्तिक अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान, एक कार में सवार होकर आधा दर्जन से ज्यादा युवक वहां पहुंचे। वीडियो में दिख रहा है कि युवक कार की छत पर बैठकर फिल्मी स्टाइल में स्टंट करते हुए गांव में आए और सीधे कार्तिक के पास पहुंच गए। पहले युवकों ने कार्तिक के साथ गाली-गलौज की और देखते ही देखते लात-घूंसों से उसपर हमला कर दिया।अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों से छुड़ाया। मारपीट में कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में उपचार के लिए भेजा गया।
इस घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल हो रहे फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक कार की छत पर बैठकर स्टंट कर रहे हैं और फिर युवक के पास पहुंचकर उस पर हमला कर देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता भी करा दिया गया। वहीं, चांदीनगर थाना प्रभारी अतर सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर किसी पक्ष की तरफ से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।