अमेरिका ने ईरान का नेवी मुख्यालय उड़ाया, 9 जहाज भी समुद्र में डूबोए
अमेरिका ने ईरान पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए उसका नेवी मुख्यालय उड़ा दिया है। इसके साथ ही ईरानी नेवी के 9 जहाज भी समुद्र में डुबो दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह जानकारी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर बताया कि ईरानी नेवी के 9 जहाज नष्ट गए हैं और डूब गए हैं। इनमें से कुछ काफी बड़े और जरूरी थे। ट्रंप ने कहा कि ईरान के बाकी मिलिट्री जहाज भी जल्द ही समुद्र की तलहटी में तैर रहे होंगे! राष्ट्रपति ने कहा कि एक अलग हमले में, ईरान का नेवी हेडक्वार्टर काफी हद तक नष्ट हो गया है। तंज कसते हुए ट्रंप ने अंत में लिखा कि उनकी नेवी बहुत अच्छा कर रही है।
इससे पहले ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया था कि उसने अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे झूठ बताते हुए कहा कि मिसाइलें जहाज के पास भी नहीं पहुंचीं।
रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने स्थानीय मीडिया में दिए बयान में कहा कि अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। उसने चेतावनी भी दी कि जमीन और समुद्र अब आतंकवादी हमलावरों (अमेरिका और इजरायल) की कब्रगाह बनते जा रहे हैं। हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह झूठ बताया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसे खारिज करते हुए कहा कि मिसाइलें युद्धपोत के पास भी नहीं पहुंचीं। अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन जनवरी के अंत से अरेबियन सागर में मौजूद है।











