नईदिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की भूमिका पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा है कि अमेरिका अब ‘वास्तविक संयुक्त राष्ट्र’ बन गया है, क्योंकि वैश्विक संघर्षों को सुलझाने में यूएन बहुत कम मदद कर पाया है। ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच चल रही लड़ाई के रुकने की घोषणा की। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हालिया संघर्ष अब रुक जाएगा और दोनों देश पहले से मौजूद संधि के अनुसार शांति से रहने पर सहमत हो गए हैं।
उन्होंने दोनों देशों के नेताओं की सराहना करते हुए इसे ‘तेज और निष्पक्ष फैसला’ बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अपने दूसरे कार्यकाल के पहले 11 महीनों में उन्होंने आठ बड़े युद्ध और संघर्ष रुकवाए हैं। इनमें भारत-पाकिस्तान, इस्राइल-ईरान, कोसोवो-सर्बिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, कांगो-रवांडा और मिस्र-इथियोपिया जैसे विवाद शामिल हैं। ट्रंप के अनुसार, इन सभी मामलों में संयुक्त राष्ट्र ने कोई प्रभावी भूमिका नहीं निभाई।
रूस-यूक्रेन युद्ध में यूएन सक्रिय नहीं- ट्रंप
उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि इस बड़े संकट में भी यूएन सक्रिय नहीं रहा। ट्रंप ने कहा कि अब संयुक्त राष्ट्र को विश्व शांति के लिए गंभीरता से आगे आना चाहिए। इस बीच, ट्रंप यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फ्लोरिडा में मुलाकात करने वाले हैं, जहां रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए शांति योजना पर चर्चा होगी।











