INDIA गठबंधन के नेता आज सड़क पर उतरे हैं। 25 विपक्षी दलों के 300 से अधिक सांसद सोमवार को संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च कर रहे हैं। राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों 2024 के लोकसभा चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाया है। साथ ही बिहार में मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध कर रहे हैं।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव आज दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए। यह घटना उस समय हुई जब दिल्ली पुलिस ने संसद भवन से भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) तक इंडिया ब्लॉक के नेताओं के विरोध मार्च को रोकने की कोशिश की। विपक्षी नेता बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान “मतदाता धोखाधड़ी” के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताया है। इस प्रक्रिया को लेकर इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह अभियान एक “राजनीतिक साजिश” है, जिसके तहत गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और विपक्ष समर्थक मतदाताओं के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।