गोरखपुर को सीएम योगी की बड़ी सौगात, 14.22 करोड़ की दो परियोजनाओं का लोकार्पण

77
Share

अर्बन सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर और सीनियर सिटीजन केयर सेंटर से बदलेगी शहर की तस्वीर
संवाददाता, गोरखपुर

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर नगर निगम द्वारा निर्मित अर्बन सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर और सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का लोकार्पण कर शहरवासियों को दो बड़ी सौगातें दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश की समृद्धि हम सभी के जीवन का संकल्प है और हर नागरिक को सुविधायुक्त बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम है।

नगर निगम के जोन-3 क्षेत्र के अंतर्गत ₹11.72 करोड़ की लागत से बनाए गए अत्याधुनिक अर्बन सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर में पेयजल, सीवरेज, सड़क, नाली, पथ प्रकाश, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स जमा जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ₹2.5 करोड़ रुपये की लागत से सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का निर्माण किया गया है, जहां वृद्धजनों के लिए योग, पुस्तकालय, समाचार पत्र, कैफेटेरिया, इंडोर गेम्स जैसी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।

हर नागरिक को मिलें सरल सेवाएं: मुख्यमंत्री
सीएम योगी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की पहली शर्त है कि नागरिकों को सरल, सुलभ और सम्मानजनक सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ आज के प्रशासनिक दृष्टिकोण के दो मजबूत स्तंभ हैं। पहले लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने और टैक्स जमा करने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर के जरिए ये सब एक ही जगह संभव हो सकेगा।

जनता को जोड़ें, तभी सफल होंगे बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी बदलाव तभी कारगर होता है, जब आम जनता उसमें भागीदार बने। आज गोरखपुर का तेजी से नगरीकरण हो रहा है और शहर पूर्वांचल के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से अब 14 उड़ानें संचालित हो रही हैं, सड़कें अब फोरलेन और सिक्सलेन हो चुकी हैं, और रामगढ़ताल पर्यटन का प्रमुख स्थल बन चुका है।

स्वच्छता में जनसहभागिता जरूरी
सीएम योगी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि हर मोहल्ले में स्वच्छता समिति गठित की जाए ताकि स्वच्छता एक जनांदोलन बने। उन्होंने सड़कों पर ठेला-रेहड़ी लगाने वालों के पुनर्वास, स्ट्रीट लाइट्स को दिन में बंद रखने और प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह हर नागरिक का दायित्व है कि वह अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए।

राजस्व वृद्धि पर कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र
नगर निगम के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री ने नगर निगम कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास अन्य शहरों के लिए भी अनुकरणीय है।

सुविधाओं के साथ सेवा का भाव भी जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि सीनियर सिटीजन केयर सेंटर न सिर्फ सुविधाएं देगा, बल्कि बुजुर्गों को आदर और अपनत्व का अहसास भी कराएगा। उन्होंने कहा कि यहां वृद्धजन दिन भर समय बिता सकते हैं, योगाभ्यास कर सकते हैं, समाचार पत्र पढ़ सकते हैं और धार्मिक पुस्तकें पढ़ सकते हैं। साथ ही पार्षदों व अन्य नागरिकों के साथ संवाद भी कर सकते हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस मौके पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, नगर निगम के अधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों भवनों का निरीक्षण भी किया और सुविधाओं की सराहना की।

गोरखपुर का तेजी से हो रहा कायाकल्प, सरकार के विकास मॉडल में आम जनता की भी भागीदारी जरूरी: योगी आदित्यनाथ