नई दिल्ली: पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्ष विराम का घोर उल्लंघन किया है। भारत के जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में स्थित विभिन्न सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान ने कई स्थानों पर गोलीबारी की, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की, जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान की कायराना हरकतों की कड़ी निंदा की।
भारत की कड़ी प्रतिक्रिया-विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि, “भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ (डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस) के बीच हाल ही में संघर्ष विराम को लेकर एक समझौता हुआ था, लेकिन पाकिस्तान ने कुछ ही घंटों में इस समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना पूरी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और पाकिस्तान के इस घोर उल्लंघन का जवाब दिया जा रहा है।”
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी-विक्रम मिस्री ने यह भी कहा कि पाकिस्तान के इस घिनौने आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “यह अतिक्रमण न केवल निंदनीय है, बल्कि पाकिस्तान को इसकी गंभीरता को समझना चाहिए और इसे तुरंत रोकने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। भारतीय सेना को इस स्थिति से निपटने के लिए ठोस और सख्त कदम उठाने के आदेश दे दिए गए हैं।”











