“भारत बोध केंद्र” का केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया उद्घाटन, सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया आयाम

143
Share

नई दिल्ली,संवाददाता। भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत को जीवंत बनाए रखने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने शनिवार को इंडिया हैबिटेट सेंटर (आईएचसी) में “भारत बोध केंद्र” का उद्घाटन किया। यह केंद्र भारतीय कला, संगीत, अध्यात्म, इतिहास और दर्शन जैसे विषयों पर शोध और अध्ययन के लिए समर्पित रहेगा।

सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनेगा “भारत बोध”

आईएचसी के हैबिटेट लाइब्रेरी और रिसोर्स सेंटर में बनाए गए इस विशेष खंड में भारतीय सभ्यता से संबंधित पुस्तकों और संसाधनों का समृद्ध संग्रह होगा, जो शोधकर्ताओं, छात्रों और आमजनों के लिए उपलब्ध रहेगा। यह पहल भारत की कालातीत परंपराओं को जानने और समझने के लिए एक शांत, समर्पित और प्रेरणादायक स्थल के रूप में विकसित की गई है।

पर्यावरण जागरूकता पर भी दिया जोर

उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आईएचसी की हरित पहलों और पर्यावरणीय सततता की दिशा में उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने संस्थानों को गोद लेकर पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को अपनाने का सुझाव भी दिया।

आईएचसी परिसर का किया भ्रमण

इस अवसर पर मंत्रालय के सचिव एवं आईएचसी अध्यक्ष श्री कटिकिथला श्रीनिवास और निदेशक प्रो. के. जी. सुरेश ने मंत्री को 9 एकड़ में फैले आईएचसी परिसर का दौरा कराया। उन्होंने इसकी वास्तुकला, हरित विशेषताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को साझा करते हुए बताया कि आईएचसी न केवल बौद्धिक संवाद का केंद्र है, बल्कि पर्यावरण और परंपरा के बीच संतुलन बनाने का भी एक आदर्श उदाहरण है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस उद्घाटन समारोह में हुडको के सीएमडी श्री संजय कुलश्रेष्ठ, एनएचबी के एमडी श्री संजय शुक्ला सहित मंत्रालय एवं आईएचसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।