59 शहरों के मास्टर प्लान और 12 नई आवासीय योजनाओं को लेकर भी दिए निर्देश
लखनऊ (ब्यूरो)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास प्राधिकरणों में नक्शा पास करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा कि बार-बार आपत्ति लगाकर लोगों के नक्शे लटकाने की आदत बंद होनी चाहिए। नक्शा पास करने की प्रक्रिया को एक बार में पूरा करें और इसे आसान और पारदर्शी बनाएं।
सीएम शनिवार को आवास विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नक्शा पास करने के लंबित मामलों को तय समय में निपटाएं। साथ ही जिन 59 शहरों का मास्टर प्लान बनना है, उसमें से बचे हुए शहरों का प्लान इसी महीने तैयार कर लिया जाए।
बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि कानपुर में 6.7 किमी का अंडरग्राउंड मेट्रो सेक्शन बनकर तैयार है। आगरा और लखनऊ में मेट्रो का काम 2025-26 तक पूरा होगा।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा बढ़ाने और जेपीएनआईएसी को इसमें शामिल करने को भी कहा। लखनऊ में इंटरनेशनल एग्जीबिशन और कन्वेंशन सेंटर दो साल में बनकर तैयार होगा। यह 900 करोड़ की लागत से बनेगा।
राज्य के 12 शहरों में नई आवासीय योजनाएं जून 2025 से शुरू होंगी। इसमें झांसी, बरेली, कानपुर, आगरा, मेरठ, मथुरा जैसे शहर शामिल हैं। सीएम ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के लिए खास योजनाएं शुरू हों और हर घर में सोलर सिस्टम, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग जैसे उपाय अनिवार्य किए जाएं।











