सोनम कपूर को खलता है कॉलेज न जाना, बेटे की पढ़ाई के लिए कर रहीं हैं बड़ी तैयारी

58
Share

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर, जो अब दो साल के बेटे वायु आहूजा की मां हैं, हाल ही में अपनी अधूरी पढ़ाई को लेकर भावुक दिखीं। उन्होंने माना कि कॉलेज न जा पाने का उन्हें आज भी अफसोस होता है। यही वजह है कि अब वह अपने बेटे वायु की शिक्षा को लेकर बेहद गंभीर हैं।

एक हालिया बातचीत में सोनम ने बताया कि उनके पति आनंद आहूजा ने उन्हें पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के एक स्कूल का दौरा कराया था। इस अनुभव ने उन्हें भीतर से झकझोर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे ईर्ष्या हुई। मैं सोचने लगी कि काश मैं भी कॉलेज जाती। अब मैं वायु की शिक्षा के लिए पैसे बचा रही हूं।”

सोनम ने यह भी कहा कि वह चाहती हैं कि वायु एक अच्छा पाठक बने और जीवन में ज्ञान के महत्व को समझे। मां बनने के बाद सोनम का नजरिया बदला है और अब उनका फोकस फिल्मों से ज्यादा अपने बच्चे की परवरिश पर है।

गौरतलब है कि सोनम कपूर हमेशा से ही अपने स्पष्ट विचारों और पारिवारिक प्राथमिकताओं के लिए जानी जाती रही हैं। अब जब वह एक मां की भूमिका में हैं, तो उनका यह नया रूप उनके प्रशंसकों को प्रेरित कर रहा है।