दिल्ली-एनसीआर के तापमान में आई गिरावट,

257
Share

दिल्ली-एनसीआर के तापमान में आई गिरावट, जानें अगले 1 सप्ताह तक कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। हालांकि पिछले 3 दिनों में दिल्ली की गर्मी से मामूली राहत देखने को मिली है। बता दें कि बीते दिनों राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
दिल्ली एनसीआर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह होने और सूरज निकलने के साथ ही चिलचिलाती गर्मी की शुरुआत हो जा रही है और पूरे दिन लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों राजधानी दिल्ली में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान देखने को मिला था। वहीं इस बीच शुक्रवार की अगर बात करें तो शुक्रवार को दिल्ली में तेज हवाएं देखने को मिलीं। हालांकि रात के वक्त वातावरण में थोड़ी ठंडक का एहसास होने लगा। वहीं शनिवार की सुबह भी मौसम सुहाना बना रहा और सुबह के वक्त ठंड का एहसास हो रहा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को हवा की रफ्तार राजधानी दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में 40 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पिछले तीन दिनों में तेज गति से चलने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजधानी दिल्ली में 34 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा रविवार और सोमवार को भी राजधानी दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी। मंगलवार और बुधवार को दिल्ली के आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। वहीं गुरुवार को एक बार फिर मौसम के साफ होने की संभावना है और तेज धूप एक बार फिर से दिल्लीवासियों को परेशान करेगी। वहीं शुक्रवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे अधिक रह सकता है।
यूपी में भीषण गर्मी
वहीं उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। यहां दिन के समय घर से बाहर निकलने से पहले लोगों को 10 बार सोचना पड़ रहा है। इसके पीछे अहम वजह है चिलचिलाती गर्मी और तेज धूप। सुबह दिन के समय और रात के समय थोड़ी राहत लोगों को जरूर मिल रही है। लेकिन पूरे दिन भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। 29 मार्च के मौसम की अगर बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 20-30 किमी प्रतिघंटा की रह सकती है। वहीं 40 किमी प्रतिघंटा धूलभरी हवा के साथ चलने की संभावना जताई गई है।