Share

PM मोदी की बेतिया रैली में शामिल नहीं होंगे नीतीश कुमार, आज शाम पकड़ेंगे दिल्ली की फ्लाइट
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पश्चिमी चंपारण के बेतिया में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल नहीं होंगे और शाम को दिल्ली की फ्लाइट पकड़ेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में एक बड़ी रैली है। काफी अहम मानी जा रही इस रैली में सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल नहीं होंगे, क्योंकि वह आज शाम दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मार्च से ही 5 राज्यों के तूफानी दौरे पर हैं जिसके अंतिम चरण में वह आज बिहार के बेतिया पहुंचेंगे। इससे पहले पीएम मोदी तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जा चुके हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलन्यास किया है।
बेतिया में बिहार को 8700 करोड़ रुपये का गिफ्ट देंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी बेतिया में लगभग 8700 करोड़ रुपये से अधिक की रेल, सड़क और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस से संबंधित विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्टर प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास, लोकार्पण और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 109 किलोमीटर लंबी इंडियन ऑयल की मुजफ्फरपुर-मोतिहारी LPG पाइपलाइन का उद्घाटन करेंगे। इससे बिहार राज्य और पड़ोसी देश नेपाल में खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री मोतिहारी में इंडियन ऑयल के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और स्टोरेज टर्मिनल को समर्पित करेंगे। यह नया पाइपलाइन टर्मिनल नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात के लिए एक रणनीतिक सप्लाई प्वाइंट के रूप में भी कार्य करेगा।पाइपलाइन टर्मिनल से उत्तर बिहार के 8 जिलों को होगा फायदा
नए पाइपलाइन टर्मिनल से उत्तर बिहार के 8 जिलों यानी पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढी और मधुबनी को लाभ होगा। मोतिहारी में नया बॉटलिंग प्लांट मोतिहारी प्लांट से जुड़े बाजारों में सप्लाई चेन को सुचारू बनाने में भी मदद करेगा। प्रधानमंत्री जिन सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे उनमें NH-28A पर दो लेन का बना पिपराकोठी-मोतिहारी-रक्सौल खंड और NH-104 पर दो लेन का बना शिवहर-सीतामढ़ी-खंड शामिल हैं। प्रधानमंत्री गंगा नदी पर पटना में दीघा-सोनपुर रेल-सह-सड़क पुल के समानांतर गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज के निर्माण सहित NH-19 बाईपास के बाकरपुर हाट-मानिकपुर खंड को 4 लेन बनाने की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।नरकटियागंज-गौनाहा और रक्सौल-जोगबनी के बीच चलेंगी 2 नई ट्रेनें
पीएम मोदी बेतिया में विभिन्न रेलवे परियोजनाओं का भी लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री बापूधाम मोतिहारी-पिपराहां तक 62 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह नरकटियागंज-गौनाहा गेज परिवर्तन सहित अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी 96 किमी लंबी गोरखपुर कैंट-वाल्मीकि नगर रेल लाइन के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण और बेतिया रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री नरकटियागंज-गौनाहा और रक्सौल-जोगबनी के बीच दो नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *