Share

जोगी के वेश में 20 साल बाद घर पहुंचने वाला निकला शातिर ठग! जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में 20 साल बाद अपने घर पहुंचे एक जोगी का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसी बीच अब जोगी के तथाकथित पिता ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जिले में एक सप्ताह पहले जोगी के वेश में गांव पहुंचे दो युवकों के मामले में अब धोखाधड़ी की आशंका नजर आ रही है। इसे लेकर शिकायत भी दर्ज करा दी गई है। दरअसल, खरौली गांव पहुंचे दोनों जोगियों में से एक ने खुद को गांव के ही एक व्यक्ति का सालों पहले गायब हुआ बेटा बताया। इतना ही नहीं उसने हजारों रुपए की नकदी और कई कुन्तल अनाज भी ले लिया और फिर वहां से दोनों फरार हो गए। मामले में धोखाधड़ी की आशंका तब हुई जब बुजुर्ग के मोबाइल पर पैसों की डिमांड के लिए फोन आने लगे। जब बुजुर्ग को किसी गलत बात की आशंका हुई तो उसने पूरे मामले की शिकायत थाने में की। वहीं शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला जायस थाना क्षेत्र के खरौली गांव का है, जहां एक सप्ताह पहले दो युवक जोगी के वेश में सारंगी बजाते हुए पहुंचे। इनमें से एक जोगी ने अपने आप को गांव के ही रहने वाले रतिपाल का सालों पहले लापता हुआ बेटा बताया। वहीं जब इस बात की जानकारी गांव वालों को हुई तो पूरा गांव वहां इकट्ठा हो गया और उसे देखने के लिए भीड़ लग गई। गांव के लोगों ने इसकी सूचना दिल्ली में रह रहे रतिपाल को दी। वहीं बेटे के वापस आने की जानकारी मिलने के बाद रतिपाल भी दिल्ली से वापस अपने घर पहुंच गया। इस बीच ग्रामीणों ने दोनों जोगियों की खूब आवभगत की। अगले दिन जाते-जाते रतिपाल समेत अन्य ग्रामीणों ने उन्हें कई कुन्तल अनाज और हजारों रुपए नकद भी दे दिया। रतिपाल ने तथाकथित बेटे को बात करने के लिए मोबाइल फोन भी खरीद कर दिया।
वहीं उनके जाने के बाद रतिपाल के मोबाइल पर बेटे को वापस पाने के लिए लाखों रुपए की डिमांड की जाने लगी। रतिपाल को जब किसी गलत बात की आशंका हुई तो उन्होंने जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। इस दौरान रतिपाल को उसी जोगी के कई वीडियो और फोटो भी मिले, जो अलग-अलग राज्यों के थे। इसके बाद रतिपाल ने पूरे मामले की शिकायत थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर तिलोई सीओ अजय सिंह का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द से जल्द इस पूरे मामले पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *