Share

लखनऊ. अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को पूरे प्रदेश को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने तय किया गया है कि सभी फीडर पर पर्याप्त मैनपॉवर रखते हुए किसी भी तरह की कटौती नहीं होने दी जाएगी।

संघ ने अभियंताओं से अपील की है कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर आवश्यक है कि अयोध्या सहित पूरे प्रदेश में ट्रिपिंग फ्री विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संघ के महासचिव जितेंद्र सिंह गुर्जर ने अन्य अभियंताओं से अपील की है कि विद्युत लाइनों के नियमित अनुरक्षण, परिवर्तकों व उसके प्रोटेक्शन सिस्टम की जांच व अन्य बचे तकनीकी अनुरक्षण काम के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएं। साथ ही आगामी गर्मी को देखते हुए पूरे प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक कार्ययोजना बनाई जाए। इसी क्रम में ऊर्जा निगम प्रबंधन ने भी फरवरी को अनुरक्षण माह के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया है।

24 से 26 जनवरी मनेगा यूपी दिवस, सांस्कृतिक विरासत की दिखेगी झलक
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24 से 26 जनवरी उत्सव मनेगा। मुख्य कार्यक्रम लखनऊ, नोएडा और नई दिल्ली में होंगे। इस वर्ष यूपी दिवस की थीम ‘उत्तर प्रदेश समृद्ध सांस्कृतिक विरासत’ है। सभी कार्यक्रमों में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखेगी। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश दिवस को लेकर बुलाई गई बैठक में ये निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर संग्रहालय निदेशालय व पुरातत्व विभाग को यूपी की विरासत से संबंधित अभिलेख प्रदर्शनी, राजकीय अभिलेखागार को यूपी का इतिहास, ललित कला अकादमी को विरासत पर आधारित चित्रकला शिविर व प्रदर्शनी और सूचना विभाग को सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा नई टेक्नोलॉजी, एआई, अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत, रामायण परंपरा, मिशन शक्ति, रक्षा संबंधी उपकरणों, प्रदेश में टूरिज्म की संभावना, आधुनिक कृषि व जैविक उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि विभागों के उल्लेखनीय कार्यों व उपलब्धियों को भी कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित किया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले सूक्ष्म उद्यमियों का चयन कर उनको सम्मानित कराया जाए।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *