Share

रांची : रांची की बरियातू हाउसिंग कॉलोनी के राम जानकी मंदिर में घुसकर प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर जनाक्रोश फूट पड़ा है। सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए हैं। राजभवन-बूटी मोड़ रोड को लोगों ने जाम कर दिया है। रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह और समरीलाल भी मौके पर पहुंचे हैं। लोग प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने वालों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना बीती रात की है। आज सुबह मंदिर पहुंचते ही लोगों की इसकी जानकारी मिली। खबर इलाके में तेजी से फैली और देखते-देखते सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। यह मंदिर बरियातू मुख्य मार्ग पर डीएवी पब्लिक स्कूल के ठीक सामने स्थित है। मंदिर के पुजारी बाबा रामदेव के अनुसार अपराधी चोरी करने घुसे थे या उनकी मंशा कुछ और थी ,कहा नहीं जा सकता।
उन्होंने बताया कि अपराधी हनुमान जी का मुकुट चुरा ले गये हैं। उन्होंने दानपेटी भी तोड़ने की कोशिश की। भगवान श्रीराम और हनुमान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। शिवलंग के ऊपर स्थित भगवान शेषनाग की पीतल की प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त की गई है।
घटना के विरोध में सुबह दस बजे से स्थानीय लोग सड़क पर उतर आये। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। नाराज लोग कॉलोनी में अवैध अधिक्रमण हटाने की भी मांग कर रहे हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बदल की तैनाती की गई है।
मौके पर पहुंचे रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि पूरे देश में जब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है, तब असामाजिक-आपराधिक तत्वों ने रांची में इस तरह की वारदात को अंजाम देकर सौहार्द्र बिगाड़ने की साजिश की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर पर हमला करने वालों की अविलंब गिरफ्तारी हो और तोड़ी गई प्रतिमाओं की पुनः प्राण प्रतिष्ठा कराई जाए।
विधायक सीपी सिंह और समरी लाल ने भी घटना की तीखी भर्त्सना करते हुए कहा कि हाल के दिनों में मंदिरों पर जिस तरह हमले की घटनाएं बढ़ी हैं, उससे लॉ एंड ऑर्डर पर भी सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *