Share

अयोध्या के राम मंदिर में 7 दिन तक चलेगा प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान, जानें किस दिन क्या होगा
अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान 7 दिन तक चलेगा और इसके तहत 16 से 22 जनवरी तक विविध आयोजन किए जाएंगे।
अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी जोर-शोर से जारी है।
अयोध्या: मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां काफी जोर-शोर से जारी हैं। जैसे-जैसे मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा की घड़ी पास आ रही है, आमजन में इसे लेकर जिज्ञासा भी बढ़ती जा रही है। बता दें कि अयोध्या में 7 दिनों तक वृहद स्तर पर अनुष्ठान प्रक्रिया चलेगी, जिसकी शुरुआत 16 जनवरी से होगी। 22 जनवरी को श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के करकमलों से श्रीराम अपने दिव्य एवं भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इस कार्यक्रम के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर अयोध्या दौरा कर रहे हैं।
बता दें कि 2 दिसंबर व 21 दिसंबर को अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरंतर राम मंदिर निर्माण कार्य का अपडेट ले रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले पूरे क्षेत्र के कायाकल्प की प्रक्रिया जारी है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या में भारी भीड़ पहुंचने की उम्मीद है और इसके मद्देनजर शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। हनुमानगढ़ी मंदिर और मंदिर परिसर निर्माण स्थल की ओर जाने वाली सड़कों के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। आइए जानते हैं कि 7 दिन तक चलने वाले प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान में किस दिन क्या होगा:
सात दिवसीय अनुष्ठान कार्यक्रम
16 जनवरीः मंदिर ट्रस्ट की ओर से नियुक्त यजमान द्वारा प्रायश्चित, सरयू नदी के तट पर दशविध स्नान, विष्णु पूजन और गोदान
17 जनवरीः रामलला की मूर्ति के साथ अयोध्या भ्रमण करेगी शोभायात्रा, मंगल कलश में सरयू का जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे श्रद्धालु
18 जनवरीः गणेश अंबिका पूजन, वरुण पूजन, मातृका पूजन, ब्राह्मण वरण, वास्तु पूजन आदि से विधिवत अनुष्ठान आरंभ होगा
19 जनवरीः अग्नि स्थापना, नवग्रह स्थापना और हवन
20 जनवरी: मंदिर के गर्भगृह को सरयू के पवित्र जल से धोने के बाद वास्तु शांति और अन्नाधिवास होगा
21 जनवरीः 125 कलशों से दिव्य स्नान के बाद शैयाधिवास कराया जाएगा
22 जनवरीः सुबह पूजन के बाद मध्यान्ह काल में मृगशिरा नक्षत्र में रामलला के विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा होगी

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *