Share

वर्ल्ड कप में भारत की हार का लगा ऐसा सदमा, बंगाल और ओडिशा में दो लोगों ने की आत्महत्या
भारत क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 का खिताब जीतने से चूका तो पूरे देश का देश का सपना चकनाचूर हो गया। लेकिन वर्ल्ड कप की हार का सदमा कुछ क्रिकेट प्रेमियों को ऐसा लगा कि फाइनल मैच हारने के बाद दो लोगों ने आत्महत्या कर ली।
क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत के हाथ से फिसल गया। वर्ल्ड कप का सपना केवल टीम इंडिया का ही नहीं बल्कि पूरे इंडिया का धरा रह गया है। लेकिन विश्व कप हारने की वजह से कुछ लोगों को ऐसा सदमा लगा कि देश में दो लोगों ने खुदखुशी तक कर ली। जानकारी मिली है कि ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा और ओडिशा के जाजपुर में दो लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांकुड़ा के बेलियाटोर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के पास रविवार रात करीब 11 बजे राहुल लोहार (23) नाम के युवक ने आत्महत्या कर ली। उनके अनुसार, राहुल के एक रिश्तेदार उत्तम सूर ने बताया कि वह इलाके में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था और फाइनल मैच देखने के लिए उसने रविवार को छुट्टी ली थी। सूर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार से दुखी होकर उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस ने बताया कि राहुल के शव को सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया। जाजपुर में भी मैच के बाद फंदे से लटका युवक
वहीं, ओडिशा के जाजपुर में पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय एक व्यक्ति रविवार रात मैच के तुरंत बाद बिंझारपुर इलाके में अपने घर में फंदे से लटका मिला जिसकी पहचान देव रंजन दास के रूप में हुई है। दास के एक संबंधी ने बताया कि वह ‘‘भावनात्मक विकार संबंधी समस्या’’ से जूझ रहा था और इसके लिए उसका इलाज जारी था। परिवार के सदस्य ने कहा कि दास भारत के मैच हारने के बाद बहुत निराश हो गया था। जरी चौकी प्रभारी इंद्रमणि जुआंगा ने कहा, ‘‘हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *