Share

सोनिया-राहुल को झटका, ED ने AJL और यंग इंडिया की 751 करोड़ की संपत्ति की जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की करोड़ों रुपये की संपत्ति को अस्थायी तौर पर कुर्क करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई ईडी की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस से जुड़े एजेएल (AJL) और यंग इंडिया की करोड़ों रुपये की संपत्ति को अस्थायी तौर पर कुर्क करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई ईडी की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। इसके तहत 751.9 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त की गई है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि जब्त की गई संपत्ति में एजेएल की दिल्ली, मुंबई और लखनऊ सहित कई जगहों की प्रॉपर्टी है। इसकी कुल कीमत 661.69 करोड़ रुपये है। ईडी ने बताया कि यंग इंडियन की प्रॉपर्टी की कीमत 90.21 करोड़ रुपये है।
ईडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान जारी कर बताया कि न्यूज पेपर के प्रकाशक एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड (AJL) और इसकी होल्डिंग कंपनी यंग इंडियन के खिलाफ PMLA के तहत एक आदेश जारी किया गया था। बयान में कहा गया, “जांच में खुलासा हुआ है कि AJL के पास अपराध से हुई आय अचल संपत्तियों के रूप में है, जो देश में दिल्ली, मुंबई और लखनऊ जैसे कई शहरों में है। इनका मूल्य 661.69 करोड़ रुपये है। वहीं, यंग इंडियन के पास अपराध से प्राप्त आय 90.21 करोड़ रुपये एजेएल के ‘इक्विटी शेयर’ के रूप में है।”
प्रवर्तन निदेशालय यानी ED इस मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर चुकी है। ED की इस कार्रवाई पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ”ईडी के एजेएल संपत्तियों की कुर्की की खबरें प्रदेशों में चल रहे चुनावों में निश्चित हार से ध्यान हटाने की उनकी हताशा को दर्शाती हैं।” उन्होंने कहा, “पीएमएलए कार्रवाई केवल किसी विधेय या मुख्य अपराध के परिणामस्वरूप हो सकती है। किसी भी अचल संपत्ति का कोई हस्तांतरण नहीं है। पैसों का कोई आवागमन नहीं हो रहा है। अपराध की कोई आय नहीं है। असल में, ऐसा कोई शिकायतकर्ता नहीं है जो यह दावा करता हो कि उसे धोखा दिया गया है, एक भी नहीं!”
अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि बीजेपी के गठबंधन सहयोगी सीबीआई, ईडी या आईटी भाजपा की हार को चुनाव में नहीं रोक सकता। बता दें कि मध्य प्रदेश और मिजोरम में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में दूसरे फेज की वोटिंग के अलावा राजस्थान और तेलंगाना में चुनाव होने हैं। इन सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *