Share

बरेली में छापेमारी के दौरान ‘भगदड़’ मचने से युवक की मौत, चौकी प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस की छापेमारी के दौरान कथित तौर पर भगदड़ मचने से एक शख्स की मौत हो गई, जबकि परिजनों ने पुलिस की पिटाई से जान जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई की वजह से संतोष कुमार की मौत हो गई।
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में छापेमारी के दौरान भगदड़ मचने से एक शख्स की मौत की खबर सामने आने के बाद छापा मारने गए पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। पुलिस के एक अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बरेली के सरदारनगर पुलिस चौकी इलाके में जुआ खेले जाने की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी पुलिस सब-इंस्पेक्टर समेत 7 पुलिसकर्मियों की छापेमारी से भगदड़ मचने के दौरान एक व्यक्ति के घायल होने और शुक्रवार शाम उसकी मौत हो जाने के बाद सभी को कर्तव्य पालन के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया।
‘भगदड़ में घायल हो गया था संतोष कुमार
बरेली के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात लगभग 8 बजे ग्राम आलमपुर जाफराबाद के बाहर मैदान में जुए खेले जाने संबंधी सूचना पर चौकी प्रभारी, सरदारनगर टिंकू कुमार 6 पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। मिश्रा ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वहां पर भगदड़ मच गयी, जिसमें 46 साल का संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। संतोष कुमार को परिजनों ने इलाज के लिए बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गयी। मिश्रा ने बताया कि संतोष के परिजनों ने इस बारे में थाना भमौरा में तहरीर दी है जिसके बाद मामले की जांच पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को दी गई है।परिजनों का आरोप, पिटाई से हुई थी मौत
मिश्रा ने बताया कि संतोष के परिजनों ने तहरीर में चौकी सरदारनगर के पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया है कि संतोष की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है। उन्‍होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और घटनास्थल पर जांच के बाद परिजनों की ओर से थाना भमौरा में दी गयी तहरीर पर कार्रवाई होगी। बरेली के SSP ने बताया कि चौकी प्रभारी टिंकू कुमार, हेड कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र राणा व मनोज कुमार, सिपाही अंकित कुमार, दीपक कुमार, सत्यजीत सिंह व मोहित कुमार को लापरवाही बरतने, उच्चाधिकारियों को घटना के संबंध में सूचना न देने और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *