Share

यूपी पीईटी परीक्षा के बीच पकड़े गए कई सॉल्वर, ब्लूटूथ और AI की मदद से लिख रहे थे आंसर
यूपी पीईटी परीक्षा के बीच यूपी एसटीएफ ने कई सॉल्वरों और मुन्नाभाईयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी परीक्षा में ब्लूटूथ और AI की मदद से आंसर लिख रहे थे। बता दें कि इस परीक्षा के लेकर आयोग के अध्यक्ष प्नवीण कुमार ने पहले ही चेतावनी जारी की थी।
UPSSSC UP PET Exam: उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षा हो या फिर भर्ती परीक्षा, नकल और घपलेबाजी अक्सर देखने को मिलती है। इस बार यूपी एसटीएफ ने कुछ मुन्नाभाई एवं साल्वरों को गिरफ्तार किया है। दरअसल पुलिस ने जिन साल्वरों को गिरफ्तार किया है, वो PET परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस का प्रयोग करते पकड़े गए हैं। परीक्षा केंद्र पर एसटीएफ की रेड में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बाबत अभियान अभी जारी है। बता दें कि इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। ऐसे में प्रशासन द्वारा परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था, जिस कारण लगभग 20 साल्वरों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने जिन मुन्नाभाई और सॉल्वरों को पकड़ा है उनकी पहचान सुजीत कुमार पुत्र श्याम बहादुर, पंकज कुमार मौर्य पुत्र राम लखन मौर्य, जितेंद्र कुमार वर्मा पुत्र रमेश कुमार वर्मा, दीपक कुमार पटेल पुत्र जीतलाल पटेल, अजय कुमार पटेल उर्फ गाना पुत्र रामेश्वर प्रसाद के रूप में की गई है। बता दें कि ये छापेमारी अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर की गई है। छापेमारी वाराणसी, उन्नाव, बांदा, प्रतापगढ़ और प्रयागराज के परीक्षा केंद्रों पर की गई। जानकारी के मुताबिक आरोपी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ब्लूटूथ की मदद से परीक्षा दे रहे थे।
यूपी पीईटी परीक्षा के लिए 20 लाख से अधिक आवेदन
दरअसल, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा सरकारी नौकरी की पात्रता के लिए राज्य के 35 अलग-अलग जिलों में यूपी पीईटी परीक्षा का आयोजन 28 और 29 अक्टूबर को हो रहा है। इस परीक्षा के लिए 20 लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया है। परीक्षा दो शिफ्टों में चल रही है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे और दूसरा शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम के 5 बजे तक की है। इसी परीक्षा में शामिल होने आए मुन्नाभाई और सॉल्वरों को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है जो ब्लूटूथ की मदद से परीक्षा दे रहे ते। जानकारी के मुताबिक अन्य कई परीक्षार्थियों को संदिग्ध बताया गया है, जिनसे एसटीएफ परीक्षा खत्म होने के बाद पूछताछ करेगी। इससे पहले आयोग के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने पहले ही कहा था कि इस बार की परीक्षा में जो भी चालाकी दिखाएगा उसकी खैर नहीं होगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *