Share

यूपी: अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को सता रहा डर! बरेली जेल से सड़क मार्ग के जरिए प्रयागराज ले जा रही पुलिस
यूपी की बरेली जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को सड़क मार्ग के जरिए प्रयागराज ले जाया जा रहा है। बबलू की सोमवार को प्रयागराज में पेशी है, जहां उसकी गवाही होनी है। बबलू को अपनी मौत का डर सता रहा है।
बरेली: अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव को मौत का डर सता रहा है। उसे डर है कि कहीं उसकी भी गाड़ी ना पलट जाए, जैसी कानपुर के गैंगेस्टर विकास दुबे की पलटी थी। दरअसल अंडरवर्ल्ड डॉन बबलू श्रीवास्तव की सोमवार को प्रयागराज जिला कोर्ट में पेशी होनी है। ऐसे में उसे बरेली सेंट्रल जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच आज प्रयागराज ले जाया जा रहा है। बबलू को चिंता इसलिए भी सता रही है क्योंकि उसे सड़क मार्ग से प्रयागराज ले जाया जा रहा है। जबकि बबलू ने ये गुहार लगाई थी कि उसकी पेशी बरेली सेंट्रल जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही हो।
प्रयागराज के बहुचर्चित सर्राफा कारोबारी पंकज महिंद्रा के अपहरण कांड में बबलू श्रीवास्तव की गवाही होनी है। बबलू श्रीवास्तव ने बरेली सेंट्रल जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी की गुहार लगाई थी। बता दें कि साल 5 सितंबर 2015 की रात दुकान बंद करके कार से घर जाते समय सर्राफा व्यवसायी पंकज महेंद्र को अगवा किया गया था। इसी मामले में बबलू श्रीवास्तव को कोर्ट में पेश होना है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसवालों की हत्या के अभियुक्त विकास दुबे को स्पेशल टास्क फ़ोर्स की एक टुकड़ी सड़क मार्ग से मध्य प्रदेश से कानपुर ला रही थी। रास्ते में उसकी गाड़ी पलट गई, जिसके बाद विकास दुबे ने भागने की कोशिश की और पुलिस कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। इस घटनाक्रम से ठीक पहले विकास दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया गया था। कानपुर में हुए गोलीकांड के सात दिन बाद ही पुलिस ने विकास दुबे को दबोच लिया था। इस घटना के बाद से बदमाशों में ये खौफ बैठ गया था कि अगर पुलिस उन्हें सड़क मार्ग से लेकर जाएगी तो उनका अंत निश्चित है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *