Share

मेरठ: फंसाने के लिए पहले टीचर की बाइक में रखा तमंचा, फिर कर लिया अरेस्ट; CCTV में कैद पुलिसकर्मी की हरकत
पुलिस के दुर्व्यवहार से आहत होकर जब टीचर के परिजनों ने सीसीटीवी खंगाला तो सारा खेल सामने आ गया। परिजनों ने सीएम ऑफिस से लेकर यूपी पुलिस, आईजी को सीसीटीवी वीडियो ट्वीट कर इंसाफ की गुहार लगाई है।
मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के खंदावली गांव में पुलिस का एक कारनामा सामने आया है। पुलिस अब निर्दोष लोगों को फंसाने में जुट गई है और यह करतूत सीसीटीवी में भी कैद हो गई। यहां रहने वाले शिक्षक 26 वर्षीय अंकित त्यागी के परिजनों ने पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत है कि उस खरखौदा थाना पुलिस पर बाइक में तमंचा रखकर उनको झूठे मुकदमे में फंसाने चाह रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस के सिपाही द्वारा बाइक में तमंचा रखने का एक सीसीटीवी वीडियो भी मीडिया को उपलब्ध करवाया है। एसएसपी ने इस प्रकरण की जांच एसपी देहात को सौंप दी है। वहीं, वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
अंकित की बाइक में तमंचा रखता दिखा पुलिसवाला
यह मामला 26 सितंबर का है। अंकित त्यागी के घर के आसपास दो पुलिस वाले खड़े दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी में एक पुलिसवाला अंकित की बाइक में तमंचा रखता है और बाद में पुलिस वाला अवैध तमंचा रखने के आरोप में पीड़ित युवक को हिरासत में लेकर थाने में बंद कर देता है। पुलिस के दुर्व्यवहार से आहत होकर जब अंकित के परिजनों ने सीसीटीवी खंगाला तो सारा खेल सामने आ गया। वहीं, परिजनों ने सीएम ऑफिस से लेकर यूपी पुलिस, आईजी को सीसीटीवी वीडियो ट्वीट कर इंसाफ की गुहार लगाई है। न्याय की गुहार के लिए पीड़ित रात में ही आईजी नचिकेता झा के ऑफिस के बाहर धरना देकर बैठ गए। हालांकि अंकित के परिजनों का कहना है कि पुलिस घर में लगे सीसीटीवी का डीवीआर मांग रही है, लोकल पुलिस पर विश्वास ना होने के चलते डीवीआर पुलिस को नहीं सौंपा है।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर किया अरेस्ट
मिली जानकारी के मुताबिक खरखौदा क्षेत्र के खंदावली गांव किसान अशोक त्यागी के परिवार के में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जमीन विवाद की वजह से दूसरा पक्ष अशोक के परिवार का उत्पीड़न कर रहे हैं। मंगलवार रात खरखौदा पुलिस उनके घर पहुंची, पहले पुलिस कर्मियों ने बाइक की जांच की तो कुछ नहीं मिला। इसके बाद अशोक का बेटा अंकित बाहर चला जाता है तो एक पुलिसकर्मी घर के बाहर और उसको फंसाने की नियत से उसकी बाइक में तमंचा रख देता है। इसके बाद पुलिसकर्मी अंकित को चेकिंग के लिए बाइक के पास लेकर जाते है और बाइक में तमंचा बरामदगी दिखाकर हिरासत में ले लेते हैं। अंकित पर आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *