Share

I.N.D.I.A. अलायंस में फिर शुरू हुआ झगड़ा! अलका लांबा के बयान के बाद सियासी हलचल तेज
I.N.D.I.A. अलायंस के दो प्रमुख घटक दलों आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच एक बार फिर तकरार शुरू हो गई है।
नई दिल्ली: I.N.D.I.A. अलायंस के घटक दलों, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में बुधवार को एक बार फिर तकरार और फिर कंफ्यूजन की स्थिति देखने को मिली। एक तरफ जहां कांग्रेस की नेता अलका लांबा ने कहा है कि पार्टी के नेताओं को दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर तैयारी करने के लिए कहा गया है, तो दूसरी तरफ AAP की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर कांग्रेस दिल्ली में गठबंधन नहीं करती है तो फिर I.N.D.I.A. की अगली बैठक में जाने का कोई मतलब नहीं है। हालांकि अलका लांबा के बयान पर मचे बवाल के बाद कांग्रेस ने कहा कि उनका बयान पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है।
‘हमें लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी करने को कहा गया’
कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता अलका लांबा ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक बयान में कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक में दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर लड़ने का फैसला किया गया है। लांबा ने कहा, ‘3 घंटे तक चली बैठक में राहुल गांधी, खड़गे जी, केसी वेणुगोपाल और दीपक बाबरिया जी मौजूद रहे। हमें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी करने को कहा गया है। यह निर्णय लिया गया है कि हम सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। 7 महीने बचे हैं और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को सातों सीटों के लिए तैयारी करने को कहा गया है।’‘…फिर तो I.N.D.I.A. अलायंस में जाने का मतलब नहीं’
कांग्रेस नेता अलका लांबा का बयान सामने आते ही हड़कंप मच गया। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, ‘…यदि वे (कांग्रेस) दिल्ली में गठबंधन नहीं बनाना चाहते हैं, तो I.N.D.I.A. गठबंधन में जाने का कोई मतलब नहीं है, यह समय की बर्बादी है। I.N.D.I.A. अलायंस की अगली बैठक में शामिल होना है या नहीं, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।’ वहीं, दिल्ली में AAP के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में गठबंधन और बाकी मुद्दों को लेकर हमारा केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि हम I.N.D.I.A. के घटक दलों के साथ बैठकर इस पर चर्चा करेंगे।
‘आज गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई’
पार्टी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया ने अलका लांबा के बयान का खंडन करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई, सिर्फ संगठन और बाढ़ पर बात हुई। उन्होंने कहा, ‘अलका लांबा एक प्रवक्ता हैं लेकिन ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करने के लिए वह अधिकृत नहीं हैं। मैंने प्रभारी के तौर पर कहा है कि आज बैठक में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। मैं अलका लांबा के बयान का खंडन करता हूं। बैठक खत्म होने के बाद मैंने साफ कहा कि बैठक में चुनाव या गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने यह भी कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन की कोई भी चर्चा केवल मल्लिकार्जुन खड़गे जी की उपस्थिति में होगी।’

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *