Share

ये होगा राहुल गांधी का नया घर, कांग्रेस नेता से किराए पर लेंगे आवास, पूर्व सीएम शीला दीक्षित से है कनेक्शन
राहुल गांधी ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक में एक रैली की थी। इस रैली के दौरान राहुल ने ‘मोदी सरनेम’ को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसमें उन्हें 2 साल की सजा सुनाई गई और उनकी सांसदी के साथ-साथ बंगला भी गंवाना पड़ा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों खूब चर्चा में बने हुए हैं। भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब उनका आम लोगों से मिलना खूब सुर्खियां बटोर रहा है। हालांकि मोदी सरनेम मामले में सजा मिलने की वजह से उनकी लोकसभा की सांसदी चली गई है और इस वजह से उन्हें अपना बंगला भी खाली करना पड़ा था। फिलहाल वह अपनी मां सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ में रह रहे हैं। अब वह जल्द ही वहां से भी शिफ्ट हो सकते हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी जल्द ही दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित के किरायेदार बन सकते हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी दक्षिण दिल्ली जिले के बी2 निज़ामुद्दीन पूर्व स्थित घर में शिफ्ट होने वाले हैं। हालांकि अभी सुरक्षाबलों ने इस बात की मंजूरी नहीं दी है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद राहुल गांधी कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के इस घर में शिफ्ट हो सकते हैं।
सूरत की एक अदालत द्वारा मानहानि के मामले में सजा सुनाये जाने के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता चली गई थी। राहुल केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। लेकिन जब उन्हें 2 साल की सजा का ऐलान हुआ तो ये भी तय हो गया कि सांसदी जाने के अलावा अब उन्हें अपना सरकारी बंगला भी खाली करना पड़ा। उन्हें दिल्ली के लुटियंस जोन में 12 तुगलक लेन आवास मिला हुआ था, जिसे खाली करके वह अपनी मां सोनिया गांधी के 10 जनपथ पर चले गए थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *