Share

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को मतदान शुरू हो गया। इस बीच विभिन्‍न स्‍थानों से बड़े पैमाने पर हिंसा होने की भी खबरें हैं, जिनमें करीब छह लोगों की मौत हो गई है। मुर्शिदाबाद जिले में, जो पंचायत चुनावों के दौरान हमेशा हिंसा का केंद्र रहा है, शनिवार को मतदान के पहले कुछ मिनटों के भीतर फिर से बड़े पैमाने पर हिंसा देखी गई।

इसके अलावा रानीनगर में माकपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद भी कम से कम 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बेलडांगा 2 ब्लॉक में स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता यासीन शेख की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुर्शिदाबाद के डोमकल में कांग्रेस कार्यकर्ता शाहबुद्दीन शेख की हत्या की भी खबरें सामने आई हैं।

वहीं, कूचबिहार के फोलिमारी में हिंसा भड़क उठी। वहां बीजेपी के पोलिंग एजेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने बीजेपी के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास को गोली मार दी। सीताई ब्लॉक के बाराविटा प्राथमिक विद्यालय में एक मतदान केंद्र में तोड़फोड़ की गई। सुबह लगभग 7.30 बजे मतदान शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद मतपेटियां तोड़ दी गईं और बैलेट पेपर नष्ट कर दिए गए।

इसके अलावा बूथ संख्या 4/38 पर बम फेंके गए और गोलीबारी भी की गई। एक सीपीआईएम उम्मीदवार अनिता अधिकारी के घायल होने की भी खबर है। बता दें कि पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव की वोटिंग के बीच अब तक 6 लोगों की हत्या कर दी गई है। मरने वालों में 5 टीएमसी और एक बीजेपी का कार्यकर्ता था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *