Share

सोनभद्र के जंगलों में प्लेन से छिड़के जाएंगे चिरौंजी के बीज, जानें CM योगी ने क्यों दिया ये आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र के जंगलों में प्लेन से चिरौंजी के बीच छिड़कने का आदेश दिया है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सोनभद्र के जंगलों में चिरौंजी के बीच छिड़कने के लिए कहा है। उन्होंने शुक्रवार को सोनभद्र में कहा कि अधिकारियों को जंगल में प्लेन से चिरौंजी के बीजों का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया है, जिससे गरीब वनवासियों को लाभ मिल सके l डायट परिसर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पहले वनवासी जंगल में चिरौंजी और महुआ नहीं बीन सकते थे क्योंकि इस पर रोक लगी हुई थी, लेकिन कैबिनेट ने प्रस्ताव पारित कर महुआ और चिरौंजी बीनने पर लगी रोक हटा दी है।
‘गरीब का हक कोई नहीं मार सकता’योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘पहले ग़रीब का खाद्यान्न और उनका हक़ माफिया खा जाते थे, लेकिन अब बीजेपी की डबल इंजन सरकार में ग़रीब का हक़ कोई नहीं मार सकता। 6 साल पहले ग़रीबों के लिए RO का पानी सपना हुआ करता था, लेकिन बीजेपी की सरकार में हर घर नल योजना से वह सपना साकार हो रहा है। ऋषि मुनियों की धरती सोनभद्र को इको टूरिज्म से जोड़ा जाएगा। सोनभद्र को उसके नाम के अनुरूप सोने का बनाने के उद्देश्य की दिशा में इस जिले में जल्दी ही एक कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे किसानों को खेती किसानी के तकनीकी ज्ञान की प्राप्ति होगी।’‘गांवों में लगाए जाएंगे हेल्थ एटीएम’
योगी ने कहा, ‘सोनभद्र के लोगों का मेडिकल कॉलेज का सपना अब पूरा होने जा रहा है। यहां बन रहा मेडिकल कॉलेज जल्द ही चालू हो जाएगा और अगले सत्र से उसमें एडमिशन शुरू हो जाएगा। इसमें मिर्ज़ापुर और भदोही जैसे नजदीक के जनपदों के छात्रों को भी शिक्षा दी जाएगी।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर दराज के गांवों में हेल्थ एटीएम लगाये जाएंगे, जो बीएचयू और एम्स से जुड़ेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। उन्होंने कहा कि सोनभद्र में बीजेपी के शासनकाल में 92,000 गांववालों और 9000 शहरी गरीबों को आवास उपलब्ध कराये गये। (भाषा)

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *