Share

नई दिल्ली 03 जून,(आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर का दौरा किया, जहां एक दिन पहले हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना में अब तक 288 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 800 से अधिक घायल हैं। उन्होंने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से बात की। दिल्ली से ओडिशा के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने शुक्रवार शाम बाहानगा बाजार रेलवे स्टेशन पर हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे के संबंध में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, मोदी ने दुर्घटनास्थल पर चल रहे राहत कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने स्थानीय अधिकारियों, आपदा राहत बलों के कर्मियों और रेलवे अधिकारियों के साथ भी बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने भीषण त्रासदी के दर्द को कम करने के लिए संपूर्ण सरकार के रुख पर जोर दिया। मोदी ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी बात की और उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हर तरह की मदद मुहैया कराई जाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए कि शोक संतप्त परिवारों को असुविधा का सामना न करना पड़े और प्रभावितों को हर संभव सहायता मिलती रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने, जो सुबह ही बालासोर पहुंच गए थे, प्रधानमंत्री को दुर्घटना के बारे में और बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी दुर्घटनास्थल पर मौजूद थे।
वहां से प्रधानमंत्री बालासोर अस्पताल गए जहां उन्होंने ट्रेन हादसे में बचे कुछ लोगों से बात की और डॉक्टरों से भी बातचीत की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *