Share

भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे पाकिस्तानी ड्रोन, BSF ने मार गिराया
बता दें कि पाकिस्तान की तरफ से भारत में अक्सर ड्रोन आते रहते हैं और BSF की गोलियों का निशाना बनते हैं।
BSF ने शुक्रवार रात पंजाब में बॉर्डर पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के 2 संदिग्ध ड्रोन मार गिराए। BSF के एक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि दोनों घटनाएं अमृतसर जिले के अग्रिम इलाकों में हुईं। उन्होंने बताया कि पहला ड्रोन ‘DJI मैट्रिस 300 RTK’ अमृतसर के उधर धारीवाल गांव से बरामद हुआ। प्रवक्ता के मुताबिक, बीएसएफ जवानों ने शुक्रवार रात करीब 9 बजे गोलीबारी कर इस UAV को मार गिराया। BSF ने कहा कि खोजबीन के दौरान काले रंग का यह ड्रोन टूटी-फूटी हालत में एक खेत में पड़ा मिला।
BSF प्रवक्ता ने बताया कि दूसरा ड्रोन ‘DJI मैट्रिस 300 RTK’ अमृतसर के रतन खुर्द गांव से बरामद किया गया, जब जवानों ने रात करीब साढ़े नौ बजे गोलीबारी की। प्रवक्ता के अनुसार, दूसरे मामले में ड्रोन से 2 पैकेट जुड़े हुए थे, जिनमें से 2.6 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है। BSF द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि इन पैकेट्स को ड्रोन से अच्छी तरह जोड़ा गया था। बता दें कि पाकिस्तान की तरफ से भारत में अक्सर ड्रोन आते रहते हैं और BSF की गोलियों का निशाना बनते हैं। आमतौर पर इन ड्रोन्स का इस्तेमाल ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के लिए किया जाता है। इससे पहले BSF ने बुधवार को बताया था कि जवानों ने पाकिस्तान से आए 2 ड्रोन्स को मार गिराया था और करीब 15 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया था। पहला ड्रोन अमृतसर के रामकोट गांव में आधी रात के बाद मार गिराया गया था। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जवानों ने देखा कि तीन लोग ड्रोन से गिराई गई खेप को उठाने की कोशिश कर रहे थे। जवानों द्वारा गोली चलाए जाने पर वे हेरोइन से भरे 5 पैकेट्स की खेप छोड़कर भाग गए। इसी जिले के कक्कड़ गांव में देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर जवानों ने दूसरे ड्रोन को मार गिराया और हेरोइन से भरे 5 पैकेट बरामद किए।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *